Ranchi Coronavirus News: बीआइटी मेसरा के इलेक्ट्रिकल हेड की कोरोना से मौत, रांची में मिले 399 नए मरीज
Ranchi Coronavirus Update 1994 से बीआइटी मेसरा में सेवारत थे। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर रिम्स में भर्ती किया गया था। इधर रांची में कल 570 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
रांची, जासं। कोरोना के संक्रमण का दायरा जिस तरह से बढ़ रहा है, उसी तरह मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। रविवार को रिम्स के कोविड वार्ड में दो संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। एक मरीज रांची और दूसरा धनबाद जिले का रहने वाला है। चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के मरीज की उम्र 58 साल के करीब थी। वह बीआइटी मेसरा में इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड थे। 1994 से बीआईटी मेसरा में सेवारत थे। लंबे समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
शनिवार को स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद कोविड की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। डॉ प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि मरीज का ऑक्सीजन सेट्यूएशन बहुत कम थी। सर्जरी के डी 2 वार्ड में बने कोविड वार्ड में उन्हें रखा गया था। कुछ ही घंटों के बाद स्थिति बिगड़ रही थी, तब उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। रविवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद शव को मोर्चरी में रखा गया है।
सोमवार को जिला प्रशासन की देखरेख में उनके परिजनों के सामने अंतिम संस्कार कराया जाएगा। इधर, धनबाद के 65 वर्षीय मरीज को लंग्स की समस्या थी। चिकित्सक ने बताया कि मरीज रिम्स तब पहुंचा, जब फेफड़ा पूरी तरह से खराब हो चुका था। सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। इलाज के दौरान इसकी भी मौत हो गई।
शहर में मिले 399 संक्रमित, 570 हुए स्वस्थ
इधर, कोरोना के बढ़ते मामले के बीच रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों से 399 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि अच्छी खबर है कि संक्रमित से डेढ़ गुना अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। 570 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। संक्रमित मरीजों की पहचान हिनू, डोरंडा, रातू रोड, थरपखना, बरियातू, कांटाटोली, रिम्स, हरमू, धुर्वा, हटिया समेत अन्य इलाकों से हुई है।
रिम्स में भर्ती दो दर्जन से अधिक मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिम्स के डॉ निशीथ एक्का ने बताया कि सभी मरीजों को कोविड वार्ड में शिफ्ट करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि शहर में मिले सभी संक्रमित मरीजों को 24 घंटे के भीतर कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया जाएगा। वहीं सभी स्वस्थ हुए मरीजों को छुट्टी दे दी जाएगी।