Ranchi Coronavirus News: रांची में मिले 656 नए कोरोना मरीज, 1076 संक्रमित हुए स्वस्थ
Ranchi Coronavirus Update संक्रमितों की पुष्टि डोरंडा धुर्वा रातू रोड मोरहबादी कांटाटोली बरियातू व कांके रोड से हुई। संक्रमित के अलावा इनके परिजनों को भी ट्रेस किया जा रहा है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में कोरोना का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि राहत देने वाली बात है कि शनिवार को 1076 संक्रमित मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। वहीं 656 संक्रमित मरीजों की भी पुष्टि हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, संक्रमित मरीजों में 3 रिम्स के चिकित्सक, 2 नर्स, 5 कर्मचारी और चार दर्जन से अधिक भर्ती मरीज संक्रमित मिले हैं।
रिम्स कोविड टास्क फोर्स के सदस्यों ने बताया कि सभी भर्ती मरीजों को कोविड वार्ड में शिफ्ट करने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके अलावा इनके परिजनों को भी ट्रेस किया जा रहा है। शनिवार को मेडिसिन और सर्जरी वार्ड को सैनिटाइज कराया गया है। इधर, रिम्स के अलावा संक्रमितों की पुष्टि डोरंडा, धुर्वा, रातू रोड, मोरहबादी, कांटाटोली, बरियातू और कांके रोड से हुई है।
सिविल सर्जन डॉ वीबी प्रसाद ने बताया कि सभी संक्रमितों को 24 घंटे के भीतर ट्रेस कर कोविड सेंटरों में शिफ्ट कराया जाएगा। वहीं स्वस्थ हुए संक्रमित मरीजों को रविवार को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। इन सब के अलावा निजी अस्पताल में भर्ती एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है। मरीज कोकर की रहने वाली 65 वर्षीय महिला थी।