Coronavirus Update: कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण झारखंड हाई कोर्ट 2 सप्ताह के लिए बंद
Jharkhand Coronavirus News Update. इसको लेकर हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने नोटिफिकेशन जारी किया है। अब तक झारखंड हाई कोर्ट के 16 कर्मी संक्रमित हो गए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus News Update राज्य में कोरोना के बढ़ते संक्रमण व हाईकोर्ट कर्मियों के संक्रमित होने के बाद झारखंड हाई कोर्ट बंद कर दिया गया है। 27 जुलाई से छह अगस्त तक हाई कोर्ट बंद रहेगा। इस संबंध में हाई कोर्ट की ओर से आदेश जारी किया गया है। हालांकि अवकाश के दौरान वेकेशन कोर्ट में आवश्यक मामलों की सुनवाई की जाएगी।
अब तक हाईकोर्ट में 17 कर्मचारी व अधिकारी मिले हैं कोरोना पॉजिटिव
वर्तमान हालात पर चर्चा के लिए शनिवार को फुल कोर्ट की बैठक हुई थी। इसमें हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हाई कोर्ट में हर साल ग्रीष्मावकाश होता है। इस बार 18 मई से छह जून तक गर्मी की छुट्टी प्रस्तावित थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण हाई कोर्ट ने इसे स्थगित कर दिया था। अब इसी अवकाश को समायोजित करते हुए 27 जुलाई से छह अगस्त तक के लिए अवकाश लागू किया गया है। झारखंड हाई कोर्ट के अब तक 17 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें सेक्शन ऑफिसर, पीए, अर्दली और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। कर्मियों के लगातार संक्रमित होने के कारण हाई कोर्ट के सभी कर्मचारियों का सैंपल लिया जा रहा है।
सुबह 11 बजे एक बजे तक मामलों की सुनवाई करेगी वेकेशन कोर्ट
आदेश में कहा गया है कि वेकेशन कोर्ट सुबह 11 बजे दोपहर एक बजे तक मामलों की सुनवाई करेगी। वहीं, हाई कोर्ट के कार्यालय सुबह 10:30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक खुलेंगे। सोमवार को हाई कोर्ट के जस्टिस आर मुखोपाध्याय व जस्टिस केपी देव की अदालत सुनवाई के लिए बैठेगी।
एसोसिएशन ने की थी मांग
दरअसल, झारखंड हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन ने चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर दो सप्ताह तक न्यायिक और गैर न्यायिक कार्य स्थगित करने की मांग की थी। एसोसिएशन के महासचिव ने नवीन कुमार ने अपने पत्र में कहा था कि संक्रमण के फैलाव पर नियंत्रण के लिए दो सप्ताह के लिए हाई कोर्ट के सभी कार्य स्थगित कर दिए जाएं। वहीं, हाई कोर्ट के कर्मचारियों ने भी दो दिन पहले चीफ जस्टिस को पत्र लिख कुछ दिनों के लिए न्यायिक कार्य स्थगित रखने का आग्रह किया था।
झारखंड हाई कोर्ट के एक जस्टिस के सुरक्षाकर्मी, 3 पीए, मास्टर, अर्दली आदि कोरेाना पॉजिटिव पाए गए हैं। पूरे राज्य में तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 7898 मामले हो गए हैं। इसमें से अबतक 97 की मौत हो गई है। 3521 मरीज अब तक स्वस्थ हो गए हैं और 4,282 मरीज अभी सक्रिय हैं। इनका इलाज चल रहा है। एक दिन पूर्व शनिवार को 271 कोरोना पॉजिटिव झारखंड में मिले हैं। शनिवार को ही 9 लोगों की मौत हुई है। शुक्रवार को 377 मामले मिले थे। अबतक राज्य में 249656 जांच हुई है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Coronavirus: झारखंड में कम्युनिटी ट्रांसमिशन की ओर बढ़ रहा कोरोना, ये लक्षण नजर आए ताे न करें नजरअंदाज
यह भी पढ़ें: परिजनों से नाराज होकर घर से निकली युवती से दुष्कर्म, रातभर ढूंढती रही पुलिस को नहीं चला पता