Coronavirus Ranchi News: रांची में मिले 153 नए कोरोना मरीज, 61 मरीज हुए स्वस्थ
Ranchi Coronavirus News Update रांची के राहे बीडीओ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बीडीओ ने इसकी स्वयं जानकारी दी है।
रांची, जासं। रांची में मंगलवार काे कोरोनावायरस के 153 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 61 कोराेना मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। आज रांची में मास कोरोना टेस्ट किया जाएगा। रांची के राहे बीडीओ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बीडीओ ने स्वयं जानकारी देकर कहा है कि दो दिनों से तबीयत खराब लग रही थी। 17 अगस्त को जांच कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमित होने की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही प्रखंडकर्मियो से अपील की गई है कि जो भी संपर्क में आए हैं सभी होम क्वारंटाइन में रहें और अपनी जांच करा लें।
निगम दफ्तर की सफाई करने वाला निकला पॉजिटिव
रांची नगर निगम कार्यालय में साफ सफाई का काम करने वाला कर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद से नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार को निगम कार्यालय खुलने के बाद निगमकर्मियों में इसी बात की चर्चा थी। कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम में अब रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों को बुलाया जाए या फिर वर्क फ्राम होम लागू किया जाए।
स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ किरण ने बताया कि कुल 12 सफाईकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक कर्मी नगर निगम कार्यालय में शौचालय की साफ सफाई का काम करता था। संक्रमित पाए जाने के बाद सभी कर्मियों को होम आइसोलेशन पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि संक्रमित पाए गए सभी सफाईकर्मियों में किसी तरह का कोरोना का लक्षण नहीं है।
आठ अगस्त को निगम के उप नगर आयुक्त कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद नगर आयुक्त के आदेश पर 13 अगस्त तक के लिए कार्यालय को बंद कर दिया गया था। जबकि पूरे लॉक डाउन में अवकाश छोड़कर एक दिन भी निगम का कार्यालय बंद नहीं हुआ था। निगमकर्मियों का कहना है कि निगम में रोजाना सैंकड़ों की संख्या में लोग आना जाना करते हैं। ऐसे में उनके संक्रमित होने की संभावना अधिक है। ऐसे में निगम में रोस्टर व्यवस्था लागू कर कम से कम कर्मियों को दफ्तर में काम के लिए बुलाना चाहिए। जो लोग घर से काम कर सकते हैं उन्हें इसकी छूट मिलनी चाहिए।