Coronavirus Update: रिम्स का एक और पीजी डॉक्टर निकला पॉजिटिव, रामगढ़ का है रहने वाला
Jharkhand Corona Cases. संक्रमित सामलौंग में किराये के मकान में रहता है। वहीं से हर दिन रिम्स आना-जाना करता है। कुछ दिन पूर्व वह रामगढ़ स्थित अपने घर गया हुआ था।
रांची, जासं। राजधानी रांची में शुक्रवार को कोरोना के एक मामले की पुष्टि हुई है। संक्रमित जूनियर डॉक्टर है। रिम्स में इंटर्न कर रहा है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से रामगढ़ का रहने वाला है। करीब एक साल से रांची में रहकर रिम्स में इंटर्न कर रहा है। रिम्स के एक सूत्र ने बताया कि संक्रमित सामलौंग में किराये के मकान में रहता है। वहीं से हर दिन रिम्स आना-जाना करता है। कुछ दिन पूर्व वह रामगढ़ स्थित अपने घर गया हुआ था, वहीं से वापस लौटा है।
ट्रैवल हिस्ट्री होने के वजह से सैंपल जांच कराई गई थी। इसमें रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आयी है। रिपोर्ट आने के बाद देर रात उसे रिम्स के कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया। इधर, रिम्स प्रबंधन भी लगातार रिम्स में मिल रहे संक्रमित से सकते में है। रिम्स प्रबंधन के लिए एक बार फिर संक्रमित के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करना चुनौती भरा हो सकता है। बीते 2 जून को भी 2 इंटर्न डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी थी। इसके बाद न्यू गर्ल्स हॉस्टल को सील कर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की गई। शनिवार को उनका सैंपल भी जांच के लिए लिया जाएगा।
इलाका बनेगा माइक्रो कंटेनमेंट जोन
सामलौंग के जिस इलाके में संक्रमित चिकित्सक रहता है, उसे माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जाएगी। वहीं संपर्क में आने वालों का सैंपल भी जांच के लिए लिया जाएगा। मरीज को कोविड वार्ड में भर्ती करने के बाद जिला प्रशासन द्वारा इलाके को सील करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बताते चलें कि रांची में अब तक 141 केस मिले हैं। इसमें 17 एक्टिव हैं। बाकी 124 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं।