लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद बोले अभय सिंह, झारखंड में 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी राजद
Jharkhand. अभय कुमार सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अभी नवरात्र का समय है। हम लोगों ने लालू यादव से मुलाकात कर उन्हें नवरात्र की बधाई दी।
रांची, जासं। झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। रिम्स में भर्ती लालू प्रसाद यादव से शनिवार को मुलाकात के बाद उन्होंने झारखंड के नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव लडऩे की हामी भरते हुए कहा कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग की चर्चा बैठक में होगी।
काफी कम समय की मुलाकात के बाद अभय कुमार सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अभी नवरात्र का समय है। हम लोगों ने लालू यादव से मुलाकात कर उन्हें नवरात्र की बधाई दी। उन्होंने बिहार में बाढ़ की भयावह स्थिति में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अनुपस्थित रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे हरियाणा अपने बहनोई के नॉमिनेशन में गए हुए थे।
वे लगातार बिहार की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही उन्होंने जदयू के झारखंड में नीतीश मॉडल बनाने के सवाल पर तीखी आलोचना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार झारखंड को मुजफ्फरपुर शेल्टर होम जैसा या बिहार के भयावह बाढ़ की स्थिति के जैसा मॉडल देना चाहते हैं।
अभय कुमार सिंह के अलावा लातेहार के कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुनेश्वर उरांव ने भी लालू प्रसाद से मुलाकात की। उन्होंने मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि लालू यादव को दशहरे की शुभकामनाएं देने और उनका हाल जानने आया था। हमने लालू यादव को दशहरे की शुभकामनाएं दी और तबीयत की जानकारी ली। लालू यादव की तबीयत अभी ठीक है।
कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल में शामिल होने के सवाल पर मुनेश्वर उरांव ने कहा कि अभी फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं हुई है। वर्तमान में अभी मैं लातेहार में कांग्रेस जिला अध्यक्ष हूं। हालांकि विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो मुनेश्वर उरांव के कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल में शामिल होने की प्रबल संभावना है।
शनिवार को लालू प्रसाद से मुलाकात का दिन होता है। इस दिन अधिक से अधिक तीन मुलाकाती उनसे मिल सकते हैं। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद अपने इलाज के लिए रिम्स के पेईंग वार्ड में भर्ती हैं। चतरा लोकसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी रहे सुभाष यादव भी रिम्स पहुंचे थे।
मासिक जांच में लालू की स्थिति नियंत्रित
इधर, लालू प्रसाद का इलाज कर रहे उनके डॉक्टर डीके झा ने शनिवार को बताया कि उनकी तबीयत अभी नियंत्रित है। उनका मासिक चेकअप किया गया। इसमें लीवर और खून में चर्बी की जांच की गई। यह पूरी तरह से ठीक है। किडनी 50 फीसद काम कर रही है। डॉक्टर ने बताया कि हम इससे ज्यादा बेहतर की उम्मीद भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद को शाकाहारी भोजन का निर्देश दिया गया है। इसे लालू ने स्वीकार भी किया है। वे मांसाहारी मांग भी नहीं रहे हैं।