Move to Jagran APP

Rajya Sabha Election: राज्‍यसभा की 2 सीटों के लिए लॉबिंग शुरू, हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय

Rajya Sabha Election मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री एवं झारखंड कांग्रेस प्रभारी के बीच राज्य में चल रहे विकास कार्यों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।

By Alok ShahiEdited By: Published: Thu, 19 May 2022 06:07 PM (IST)Updated: Thu, 19 May 2022 10:44 PM (IST)
Rajya Sabha Election: राज्‍यसभा की 2 सीटों के लिए लॉबिंग शुरू, हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय
Rajya Sabha Election: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने मुलाकात की।

रांची, जेएनएन। Rajya Sabha Election अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और इस दौरान राज्य के विभिन्न राजनीतिक व अन्य मुद्दों पर बातचीत की। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री से उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की और कांग्रेस की दावेदारी के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर पार्टी के विधायकों के साथ चर्चा करने की बात उन्हें कही। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद थे।

prime article banner

मुख्यमंत्री से मिले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी, राज्यसभा सीट पर की दावेदारी

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद अविनाश पांडेय की मुख्यमंत्री के साथ यह दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले उन्होंने मुलाकात के दौरान न्यूनतम साझा कार्यक्रमों और बीस सूत्री कमेटियों को लेकर बातचीत की थी।मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात थी और इस दौरान तमाम मुद्दों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री की मां का हाल भी उन्होंने पूछा और वर्तमान राजनीतिक हालात में गठबंधन की भूमिका को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत की।

उन्‍होंने कहा कि, आनेवाले दिनों में एक साथ मिलकर जनता की सेवा के लिए हमलोग साथ में काम करेंगे। जिस प्रकार से सरकार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है ताकि सरकार का मनोबल गिरे और योजनाओं की रफ्तार कम की जाए। कांग्रेस और झामुमो इस साजिश को सफल नहीं होने देगी। मजबूती से दोनों दल मिलकर नए कार्यक्रमों के साथ विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सीट पर कांग्रेस की दावेदारी के बाबत सीएम से बात हुई है। 31 मई तक नामांकन के पूर्व इस मुद्दे पर निर्णय हो जाएगा। गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा। सीएम से मुलाकात के बाद वे वापस नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

सबके लिए न्‍याय के सिद्धांत पर काम करती रहेगी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने गुरुवार को कांग्रेस नेताओं को उदयपुर में आयोजित नव संकल्प चिंतन शिविर की जानकारी देते हुए आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू ये सबके लिए न्याय के सिद्धांत पर काम करती रही है और आगे भी इसी आधार पर काम करेगी। पार्टी की ओर से आयोजित फालोअप कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने की।

इसमें विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्वाेत्तर के तीन राज्यों के प्रभारी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. अजय कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रणव झा, मंत्री डा. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, विधायक दल के उप नेता प्रदीप यादव, कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, विधायक दीपिका पांडेय सिंह, डा. इरफान अंसारी, विक्सल कोंगारी, कुमार जयमंगल सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, अंबा प्रसाद, भूषण बाड़ा, सुखदेव भगत, फुरकान अंसारी, चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे), केएन त्रिपाठी, कालीचरण मुंडा विशेष रूप से शामिल रहे।

बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उदयपुर शिविर के बाद जारी कार्यक्रमों को झारखंड में किस प्रकार से मूर्तरूप दिया जाए उसको लेकर बैठक बुलाई गई है। पांडेय ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की कोख से जन्मी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस असीम संघर्ष, त्याग और बलिदान की बुनियाद पर खड़ी है। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश आज विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। महंगाई, बेरोजगारी देश के नागरिकों के लिए अभिशाप बन गयी है। देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है।

आलमगीर आलम ने कहा कि देश को वर्तमान परिस्थिति से सिर्फ कांग्रेस ही निजात दिला सकता है। 1942 में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा दिया था, साल 2022 में देश का नारा भारत जोड़ो है।बैठक में उदयपुर शिविर के निर्णय के आलोक में 1 व 2 जून 2022 को राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा राज्य स्तर पर राजनीतिक मामलों की समन्वय समिति का गठन करने का निर्णय भी लिया गया।

9 अगस्त 2022 से सभी जिला समितियों द्वारा 75 किमी लंबी पदयात्रा की शुरुआत की जाएगी, 15 अगस्त, 2022 को भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के समापन के लिए राज्य मुख्यालय में राज्य स्तरीय विशाल कार्यक्रम का आयोजन होगा। 11 से 14 जून के बीच जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। 2 अक्टूबर 2022 से कश्मीर से कन्याकुमारी तक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होने की बात बताई गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.