रमेश सिंह हत्याकांड के आरोपी राजा पीटर तमाड़ से लड़ सकते हैं विस चुनाव, NIA कोर्ट ने दी अनुमति
Jharkhand. राजा पीटर तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में जेल में बंद हैं। एनआइए कोर्ट शाम चार बजे तक इसका विधिवत आदेश जारी करेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। पूर्व मंत्री गोपाल सिंह पातर उर्फ राजा पीटर तमाड़ विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं। एनआइए कोर्ट ने उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत दे दी है। राजा पीटर तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में जेल में बंद हैं। एनआइए कोर्ट शाम चार बजे तक इसका विधिवत आदेश जारी करेगा। हालांकि यह अभी तय नहीं है कि वे किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। 12 नवंबर को पीटर तमाड़ विधानसभा से नामांकन दाखिल करेंगे। एनआइए कोर्ट ने जेल प्रशासन से नॉमिनेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड के अारोपी राजा पीटर पर एनआइए ने अप्रैल 2018 में चार्जशीट दाखिल किया था। इसके साथ कुंदन पाहन सहित 15 नक्सलियों, उनके सहयोगियों पर भी चार्जशीट दाखिल किया गया था। राजा पीटर पर राजनीतिक प्रतिद्वंदिता में तमाड़ के तत्कालीन विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या कराने का आरोप है। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की सुपारी की बात भी एनआइए की चार्जशीट में आ चुकी है। राजा पीटर पिछले दो साल से जेल में बंद हैं। उन्होंने मंगलवार को एनआइए कोर्ट से चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी थी।