Weather Update: 14 जून तक होती रहेगी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं; जानें अपने शहर का हाल
Jharkhand Weather News 10 जून को राज्य के मध्य उत्तर-पूर्वी व दक्षिणी भाग के कुछ स्थानों पर गरज व वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
रांची, जासं। Weather Forecast राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि 10 से 14 जून तक राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे। 10 व 13 जून को एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 11, 12 व 14 जून को दो या दो से अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक फिलहाल बांग्ला देश से ओडिशा के आंतरिक हिस्सों से होते हुए गंगेटिक पश्चिम बंगाल व झारखंड तक समुद्रतल से ऊपर 1.5 किमी. क्षेत्र में टर्फलाइन बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद आगामी यह सिस्टम पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अत्यधिक प्रभावी होगा।
11 से 14 जून तक राज्य के सभी जिलों में झमाझम बारिश के आसार
मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि मंगलवार को रांची के साथ-साथ राज्य के उत्तर-पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर गरज व वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 10 जून को राज्य के मध्य, उत्तर-पूर्वी व दक्षिणी भाग के कुछ स्थानों पर गरज व वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 11 जून को राज्य के कई स्थानों पर व 12 जून को राज्य लगभग सभी स्थानों पर गरज व वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। 13 जून को राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। 14 जून को राज्य के मध्य व दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
झारखंड में 11-12 जून तक होगा मानसून का आगमन
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि 11-12 जून तक राज्य में मानसून के प्रवेश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में मानसून के आगमन के सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। बताया कि बंगाल की खाड़ी में मानसून के आगमन के बाद मानसून पश्चिम बंगाल व ओडिशा होते हुए झारखंड में प्रवेश करता है। पश्चिम बंगाल से साहेबगंज होते हुए व ओडिशा से पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम होते हुए मानसून का प्रवेश झारखंड में एक साथ होगा।
उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों में अरबियन सागर के मध्य, गोवा, कोंकण व कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में, रायलसीमा व तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों में, आंध्र प्रदेश के कुछ तटीय क्षेत्रों में, मध्य, उत्तरी व उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में मानसून के प्रबल होने की संभावना है। इसके दो दिन बाद महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आध्र प्रदेश तटीय क्षेत्रों में, बंगाल की खाड़ी के शेष भाग में, उत्तर-पूर्वी राज्यों, सिक्किम, पश्चिम बंगाल व ओडिशा के कुछ भाग में मानसून के आगमन की संभावना है।