रांची स्टेशन पर प्लेटफार्म के नीचे आ गया रेलवे कर्मचारी, मौत
रांची रेलवे स्टेशन पर खड़ी झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में एक रेल कर्मचारी को शौचालय जाना काफी महंगा पड़ गया। उसे अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। दरअसल उत्तर मध्य रेलवे का कर्मचारी को रांची स्टेशन से रांची -एलटीटी एक्सप्रेस पकड़ना था।
रांची, जासं। रांची रेलवे स्टेशन पर खड़ी झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में एक रेल कर्मचारी को शौचालय जाना काफी महंगा पड़ गया। उसे अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। दरअसल उत्तर मध्य रेलवे का कर्मचारी को रांची स्टेशन से रांची -एलटीटी एक्सप्रेस पकड़ना था। रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर स्वर्ण जयंती ट्रेन खड़ी थी। बाथरूम का इस्तेमाल करने के दौरान ट्रेन खुल गई। तब तक हड़बड़ी में कर्मचारी बाथरूम से निकलकर उतरने की कोशिश की। लेकिन उतरने के क्रम में पैर लड़खड़ा जाता है। सीधे प्लेटफॉर्म के नीचे चला जाता है और उसकी मौत हो जाती है। रेल कर्मचारी को रांची एलटीटी ट्रेन से प्रयागराज जाना था। वह अपनी ट्रेन छोड़ दूसरी ट्रेन में बाथरूम का इस्तेमाल करने गया। यह उसके मौत का कारण बन गया। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। जानकारी मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मरने वाले व्यक्ति के परिजनों को इस बारे में सूचना दी गई है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगाया गया है। इसे देखने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गलती कहां हुई। मरने वाले व्यक्ति की जेब से मिले कागजात के आधार पर पहचान हो सकी।
कर्मचारी के साथ काम करने वाले पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे कर्मचारी के साथ काम करने वाले कई लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। शव की पहचान की। रेलवे यूनियन के कई नेता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरने वाले व्यक्ति के स्वजनों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। कहा कि परिवार पर विपत्ति टूटी है। ऐसे वक्त में रेलवे को अपने कर्मचारी के शोकाकुल परिवार के दुख में शामिल होना चाहिए। रेलवे के अधिकारी परिजनों के आने का इंतजार करते दिखे। घटना के बाद सुरक्षा और चाक चौबंद कर दी गई।