प्रशांत सिंह हो सकते हैं सीआइडी के प्रभारी एडीजी Ranchi News
Jharkhand. सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता दो महीने की छुट्टी पर जा रहे हैं। प्रशांत सिंह रेल के एडीजी हैं। हालांकि इसकी अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। अपराध अनुसंधान विभाग के एडीजी अनुराग गुप्ता दो महीने की छुट्टी पर जा रहे हैं। उनकी जगह पर सीआइडी के एडीजी का प्रभार रेल के एडीजी प्रशांत सिंह को मिल सकता है। हालांकि, इसकी अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है। महकमे में इसकी चर्चा तेज है। झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के पूर्व ही सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता ने गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को पत्र लिखकर दो महीने की छुट्टी का आवेदन दिया था।
इसके लिए उन्होंने व्यक्तिगत कार्य का हवाला दिया था। उनकी छुट्टी स्वीकृत कर ली गई है। लोकसभा चुनाव के वक्त भी भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर एडीजी अनुराग गुप्ता राज्य से बाहर भेजे गए थे। वे चुनाव तक दिल्ली में झारखंड के स्थानिक आयुक्त के कार्यालय में रहे। लोकसभा चुनाव की समाप्ति के बाद उन्होंने झारखंड में योगदान दिया। उन्हें सीआइडी का एडीजी बनाया गया था।