रेल सुरक्षा बल की मेरी सहेली टीम ने गर्भवती महिला को रिम्स में कराया भर्ती
रेल सुरक्षा बल की मेरी सहेली टीम ने ड्यूटी के दौरान सिकंदराबाद- दरभंगा स्पेशल ट्रेन के कोच संख्या-10 के सीट संख्या 11 में एक गर्भवती महिला की मदद की।
जागरण संवाददाता, रांची : रेल सुरक्षा बल की मेरी सहेली टीम ने ड्यूटी के दौरान सिकंदराबाद- दरभंगा स्पेशल ट्रेन के कोच संख्या-10 के सीट संख्या 11 में एक गर्भवती महिला की मदद की। आरपीएफ की टीम ने पाया कि महिला को गंभीर प्रसव पीड़ा हो रही है। मेरी सहेली टीम ने उन्हें चिकित्सा सहायता के लिए रांची स्टेशन पर उतरने के लिए आग्रह किया। लेकिन महिला और उनके पति रांची स्टेशन पर उतरने को तैयार नहीं थे। कुछ मिनटों के पश्चात मेरी सहेली टीम को रेलवे सुरक्षा कंट्रोल के माध्यम से उक्त महिला को सहायता प्रदान करने के लिए फोन आया। रांची के स्टेशन मैनेजर की सहायता से चिकित्सा विभाग को सूचना दी गई तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रांची द्वारा महिला का चेकअप किया गया। इसके बाद रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला एवं उनके पति को रेलवे एंबुलेंस द्वारा रेल सुरक्षा बल के स्टाफ के साथ रिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उक्त महिला ने सोमवार को एक बच्ची को जन्म दिया।