Move to Jagran APP

झारखंड में महागठबंधन को मजबूत कर गए राहुल गांधी

कांग्रेस की रैली को लेकर दावे और प्रतिदावे अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन महागठबंधन को मजबूती दे गये राहुल गांधी।

By Edited By: Published: Sun, 03 Mar 2019 01:41 AM (IST)Updated: Sun, 03 Mar 2019 09:07 AM (IST)
झारखंड में महागठबंधन को मजबूत कर गए राहुल गांधी
झारखंड में महागठबंधन को मजबूत कर गए राहुल गांधी

रांची, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस की रैली को लेकर दावे और प्रतिदावे अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन महागठबंधन को राहुल गांधी मजबूत करने में सफल रहे। अभी तक विपक्षी गठबंधन में सबसे खफा-खफा से चल रहे बाबूलाल मरांडी शनिवार की रैली में मिलकर चुनाव लड़ने के मूड में दिखे। रैली के दौरान लगातार उन्हें राहुल का सानिध्य भी मिला और दोनों की गुफ्तगू होती रही। बीच-बीच में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष राहुल गांधी भी सक्रिय रहे।

loksabha election banner

बाबूलाल मरांडी का रैली में पहुंचना और संयमित भाषण सभी को चौंका गया। उन्होंने बहुत ही तरीके से अपनी बातें रखीं और राहुल से बात भी की। राहुल गांधी ने भी मंच से न सिर्फ लोकसभा बल्कि विधानसभा चुनाव भी महागठबंधन के बैनर तले लड़ने की बात की और इस दौरान बाबूलाल मरांडी के साथ-साथ झामुमो नेता स्टीफन मरांडी का नाम भी लिया। यह भी बोले कि सोरेनजी (हेमंत) और मरांडीजी के साथ मिलकर हम सत्ता बदलेंगे।

इरफान अपनी टीम के साथ जाएंगे दिल्ली मंच पर गोड्डा सीट को लेकर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी ने राहुल गांधी से बात की। बकौल इरफान, उन्होंने राहुल को बता दिया कि संताल की तीन सीटों में से एक कम से कम कांग्रेस को मिले तो क्षेत्र में पार्टी का जनाधार बचा रहेगा। इरफान ने बताया कि राहुल गांधी से मिलने के लिए एक बार फिर वे लोग नई दिल्ली जाएंगे और गोड्डा सीट पर कांग्रेस की दावेदारी को सुनिश्चित करेंगे। फुरकान अंसारी का पूरा कुनबा नई दिल्ली शीघ्र ही रवाना होगा। ज्ञात हो कि झाविमो भी गोड्डा सीट पर दावेदारी कर रहा है और विधायक प्रदीप यादव वहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

मिलकर लड़ेंगे तो उखड़ जाएगी भाजपा: बाबूलाल झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में विपक्षी एकता पर जोर दिया है। शनिवार को रांची में कांग्रेस की परिवर्तन उलगुलान रैली में उन्होंने खुद उपस्थित होकर महागठबंधन की बुनियाद को तो मजबूत किया ही साथ ही मंच से यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी गठबंधन की पक्षधर है। दावा भी किया कि सब मिलकर लड़ेंगे तो भाजपा की सरकार को देश और राज्य में उखाड़ फेकेंगे। परिवर्तन उलगुलान रैली में बाबूलाल मरांडी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की रघुवर सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा, 2014 में सरकार ने अपने घोषणापत्र में तमाम वादे किए थे। लेकिन पिछले साढ़े चार सालों में उनकी ओर देखने तक का काम नहीं किया।

उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। कहा, ये चाहते हैं कि सभी संवैधानिक संस्थाएं इनकी मुट्ठी में हो ताकि ये जैसा चाहे करें। इनके लिए संवैधानिक संस्थाओं का कोई मायने नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना होगा तभी देश में अमन-चैन आएगा और विकास होगा। बाबूलाल ने रघुवर सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। कहा, राज्य सरकार ने 11 लाख से अधिक गरीबों के राशन कार्ड रद कर दिए।

गरीबों की पेंशन में रोड़े अटका रही है। परिणाम यह है कि इस राज्य में डेढ़ दर्जन लोग भूख से मर गए। उन्होंने सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन की राज्य सरकार की कोशिशों की भी चर्चा की। कहा, जब लोग सड़क पर उतरे तो मजबूरी में उसे वापस लिया। साफ कहा कि राज्य सरकार को गरीब-मजदूर की चिंता नहीं है। राज्य में 12,500 सरकारी विद्यालय बंद कर दिए और दारू की दुकानें खोली जा रही हैं। साफ कहा कि हमारी पार्टी गठबंधन की पक्षधर है। सब मिलकर लड़ेंगे तो इस देश और प्रदेश से भाजपा की सरकार उखड़ जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.