एचईसी में 181 कामगारों को दी गई प्रोन्नति
सांसद संजय सेठ की पहल पर एचईसी के 181 कामगारों को शनिवार को प्रोन्नती दी गई है।
जागरण संवाददाता, रांची : सांसद संजय सेठ की पहल पर एचईसी के 181 कामगारों को शनिवार को प्रोन्नति दे दी गई है। सभी को 12000 से 25000 रुपये का पे स्केल दिया गया है। इससे वेतन वृद्धि के साथ-साथ इन कामगारों की लंबित मांग एचईसी प्रबंधन ने मान ली है। हालांकि इस आदेश का लाभ उन लोगों को नही मिल पायेगा जो लंबे समय से अनुपस्थित हैं या किसी तरह के आक्षेप उनपर है। कंपनी के द्वारा सभी कर्मचारियों के प्रमाणपत्रो की जांच के बाद ये आदेश जारी किया गया है।
इससे पहले शनिवार को ही राची के सासद संजय सेठ ने एचईसी के नवनियुक्त कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए केंद्रीय भारी उद्योग राज्यमंत्री एवं एचईसी के सीएमडी से फोन में बात की। उन्हें नवनियुक्त तकनीकी कामगारों की पदोन्नति आज ही अविलंब निकालने की बात कही। इसके बाद कंपनी के द्वारा आदेश पत्र निर्गत किया गया।
मजदूर संघों ने दी बधाई
आदेश पत्र आने के बाद एचईसी मजदूर संघ, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन सहित सभी मजदूर संगठनों ने प्रबंधन और संजय सेठ को बधाई दी है। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राणा संग्राम सिंह ने कहा कि हमें खुशी है कि प्रबंधन ने देर से सही मगर अपना निभाया है। वहीं एचईसी मजदूर संघ के रामा शंकर प्रसाद, सुनील कुमार, विकास कुमार आदि ने प्रबंधन और सांसद संजय सेठ के साथ भारी उद्योग मंत्री अर्जुन मेघवाल को धन्यवाद दिया है। इसके साथ ही उन्हें मजदूरों को बधाई भी दी है। इस निर्णय से एचईसी के मजदूरों में भी खुशी की लहर है।