पुलिस के सामने कैदी हथकड़ी खोलकर फरार, जवानों ने दौड़ाकर दबोचा Latehar News
Jharkhand. दुष्कर्म का आरोपित कैदी स्वास्थ्य जांच के लिए लातेहार सदर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में हथकड़ी खोलकर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर कैदी फरार हो गया।
लातेहार, जासं। लातेहार जिले के सबसे बड़े अस्पताल सदर अस्पताल से सोमवार को एक कैदी सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा गया। मामले पर सक्रियता दिखाते हुए पुलिस ने कैदी को पुन: गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन इस घटना ने चूक को उजागर कर पुलिस कर्मियों को सबक देने का कार्य जरूर किया।
स्वास्थ्य जांच के लिए कैदी आया था सदर अस्पताल
नगर पंचायत क्षेत्र के गिजनियाटाड़ निवासी रामचंद्र भुइयां के पुत्र मिथुन भुइयां आठ वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म के आरोप में जेल जाने के दौरान स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के प्रवेश द्वार के समीप हाथ में लगी हथकड़ी खोलकर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। इस पर पुलिसकर्मी कैदी के फरार होने को लेकर शोर मचाने लगे। इसके बाद पुलिस के जवानों ने कैदी का पीछा किया। कैदी को केश्वर आहर के पास से पुलिसकर्मियों ने दबोच कर मंडलकारा भेज दिया। मामले को लेकर जिले भर में चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म रहा। वहीं कैदी की ओर से अस्पताल में हाथ से खोलकर फेंकी गई हथकड़ी की वीडियो वायरल होती रही।
'आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपित को जेल भेजे जाने से पूर्व स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल में लाया गया था। इसी दौरान हाथ से हथकड़ी खोलने के बाद वह पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। लेकिन पुलिस जवान के प्रयास से कैदी को पकड़कर जेल भेज दिया गया।' -अमित कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर सह थानेदार लातेहार।