रांची के टाइम स्क्वायर में दिखेगा दिल्ली का भी स्वतंत्रता दिवस समारोह
राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान को लंदन के टाइम्स स्क्वायर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, रांची : 15 अगस्त को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान और उप राजधानी दुमका के पुलिस लाइन में प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को आकर्षक बनाने का टास्क मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने अफसरों को सौंपा है। अन्य जिलों में भी इसका आयोजन समारोहपूर्वक करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अफसरों को टाइम स्क्वायर की तर्ज पर विकसित हो रहे मोरहाबादी मैदान में लगाए गए 11 एलइडी स्क्रीन पर दिल्ली में होनेवाले स्वतंत्रता दिवस समारोह का जीवंत प्रसारण करने का निर्देश दिया है। इसमें प्रधानमंत्री का संबोधन भी शामिल होगा। मुख्य सचिव सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने समारोह स्थल पर जहां हर तरह की बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है, वहीं समारोह से पूर्व महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंगरोगन तथा पहुंच पथ को दुरूस्त करने को कहा है।
इसी तरह उन्होंने प्रमंडलीय आयुक्तों को पर्यटन विभाग के साथ समन्वय कर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बेहतर स्वरूप देने की नसीहत दी।
मुख्य सचिव ने इस दौरान गृह सचिव तथा डीजीपी को मुख्य समारोह स्थल समेत पूरे राज्य में सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध करने के निमित पुलिस पदाधिकारियों को विशेष निर्देश देने की बात कही। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल और हेलीकॉप्टर तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ संबंधित स्थलों पर बिजली, पानी, सड़क, सफाई, ट्रैफिक, चिकित्सा, बरसात को देखते हुए मंच आदि का पुख्ता प्रबंध करने की नसीहत दी। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के परेड में महिला बटालियन को भी शामिल करने को कहा।