Ranchi Railway Station: रांची रेलवे स्टेशन पर फिर से प्रीपेड ऑटो सेवा शुरू होगी, मनमाना किराया वसूली पर लगेगा अंकुश
Ranchi Railway Station रांची रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर से प्रीपेड ऑटो सेवा शुरू होगी। यात्रियों को सहूलियत होगी। ऑटो वाले अब मनमाना किराया नहीं वसूल सकेंगे। स्टेशन से बाहर निकलते ही यात्रियों को पहले ही किराया चुकाना होगा। फिर ऑटो पैसेंजर को उनके गंतव्य स्थल तक छोड़कर आएगा।
रांची, जासं। रांची रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर से प्रीपेड ऑटो सेवा शुरू होगी। इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। ऑटो वाले अब मनमाना किराया नहीं वसूल सकेंगे। स्टेशन से बाहर निकलते ही यात्रियों को पहले ही किराया चुकाना होगा। इसके बाद ऑटो पैसेंजर को उनके गंतव्य स्थल तक छोड़कर आएगा।
उल्लेखनीय है कि रांची स्टेशन पर पहले भी प्रीपेड ऑटो की सेवा दी जा रही थी, जिसे बीच में ही बंद कर दिया गया था। 2010 में प्री पेड ऑटो सेवा नगर निगम की ओर से शुरू हुई थी। लेकिन बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण बंद हो गई थी। इसके लिए बाकायदा बूथ बनाया जाएगा। ऑटो की बुकिंग काउंटर से की जाएगी। पहले पैसा देने के बाद ऑटो बुकिंग की रसीद यात्रियों को दी जाएगी।
प्रीपेड बूथ से चलने वाले ऑटो का किराया, रूट और दूरी के हिसाब से तय किया जाएगा। ऑटो बुक करने पर स्टेशन से कहां का कितना किराया होगा, इसकी सूची भी बूथ के बाहर लगाई जाएगी। ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
रांची रेलमंडल ने जिला परिवहन प्राधिकार को विभिन्न रूट का किराया तय करने के लिए पत्र भेजा है। विभिन्न मार्गों का किराया तय होने के बाद प्रीपेड सेवा शुरू कर दी जाएगी। स्टेशन पर रेगुलर ऑटो का आवागमन होता है। ये ऑटो वाले तो कई बार मनमाना किराया वसूलते हैं। वहीं यात्रियों से विवाद भी होता है। स्टेशन के बाहर रोड पर जाम लगाने वाले भी ये लोग ही होते हैं।