कोडरमा के डोमचांच में गर्भवती महिला की संदेहास्पद मौत, पति व ससुर फरार
Jharkhand Koderma News कुछ दिन पहले ही महिला ने सदर अस्पताल में अपनी जांच कराई थी। मृतका रेखा देवी का पति रंजीत यादव ट्रक ड्राइवर है। हालांकि घटना कैसे हुई इसके बारे में कोई भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता रहा है।
कोडरमा, जासं। कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत अंतर्गत चैनपुर गांव में एक महिला का संदेहास्पद स्थिति में शव बरामद किया गया है। घटना के बाद से ही मृतका के पति रंजीत यादव व ससुर वीरेंद्र यादव फरार हैं। आसपास के लोगों के मुताबिक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतका रेखा देवी 9 महीने की गर्भवती थी और इसी महीने मृतका को प्रसव होने वाला था। कुछ दिन पहले ही महिला ने सदर अस्पताल में अपनी जांच कराई थी।
मृतका रेखा देवी का पति रंजीत यादव ट्रक ड्राइवर है। हालांकि घटना कैसे हुई, इसके बारे में कोई भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता पा रहा है। वहीं आसपास के लोग दबी जुबान से यह जरूर कह रहे हैं कि पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 8 साल पूर्व परसाबाद की रहने वाली रेखा देवी की शादी चैनपुर के रंजीत यादव से हुई थी। फिलहाल स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और मामले की छानबीन कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस को आत्महत्या के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।