प्रदीप यादव झाविमो से निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप
Jharkhand. झारखंड विकास मोर्चा ने अपने नेता प्रदीप यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गई है।
रांची, जेएनएन। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) ने अपने नेता प्रदीप यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गई है। पिछले दिनों उन्हें इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसका जवाब देने के लिए उन्हें 48 घंटे का समय दिया गया था। लेकिन प्रदीप यादव ने पार्टी को नाेटिस का जवाब नहीं दिया।
इसके बाद गुरुवार को पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह ने रांची में एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रदीप यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में स्पष्टीकरण देने के लिए 48 घंटे का वक्त दिया गया था। लेकिन उन्होंने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया।