प्रदीप यादव-बंधु तिर्की के कांग्रेस ज्वाइन करने के चर्चे, सोनिया-राहुल गांधी से मिलेंगे
Babulal Join BJP झाविमो के ये दोनों विधायक कांग्रेस में शामिल हुए तो कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर 18 हो जाएगी। प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह से दोनों नेता संपर्क में हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Babulal Join BJP झारखंड विकास मोर्चा के विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और विधायक बंधु तिर्की पर कांग्रेस डोरे डाल रही है। जल्द ही दोनों की मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से हो सकती है। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के भाजपा में विलय को लेकर चर्चाओं के बीच प्रदीप यादव की बात बनती नहीं दिख रही है और यही कारण है कि कांग्रेस को लग रहा है कि प्रदीप यादव को पार्टी में शामिल किया जा सकता है।
प्रदीप यादव के लिए कांग्रेस ने संताल परगना के एक वरिष्ठ नेता को लगा रखा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी से मुलाकात भी इसी रणनीति के तहत कराई गई थी। यह बात भले पुरानी हो, लेकिन एक बार फिर इस बात को हवा मिल रही है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदीप यादव अगर पार्टी में आते हैं, तो उनका स्वागत होगा। लेकिन, इसकी संभावना उतनी नहीं है, जितनी बंधु तिर्की के कांग्रेस में आने की। बंधु तिर्की के लिए पार्टी पहले भी तैयार बैठी थी और उन्हें चुनाव के पूर्व बेल मिल गया होता, तो इस बात की भी संभावना थी कि वे कांग्रेस की टिकट पर मैदान में उतरते।