जीतराम मुंडा हत्याकांड के मुख्य आरोपित को पूछताछ के बाद आज जेल भेजेगी पुलिस
भाजपा नेता जीतराम मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपित मनोज मुंडा को आज पुलिस जेल भेजेगी। हत्या के 14 दिन के बाद रांची पुलिस ने 6 अक्टूबर को सिविल कोर्ट परिसर से मनोज मुंडा को गिरफ्तार किया था l इसके बाद से पुलिस लगातार उसे पूछताछ कर रही है l
रांची, जासं। भाजपा नेता जीतराम मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपित मनोज मुंडा को आज पुलिस जेल भेजेगी। हत्या के 14 दिन के बाद रांची पुलिस ने 6 अक्टूबर को सिविल कोर्ट परिसर से मनोज मुंडा को गिरफ्तार किया था l इसके बाद से पुलिस लगातार उसे पूछताछ कर रही है l पूछताछ में मनोज मुंडा हत्या के पीछे कई वजह बताए हैं l मनोज मुंडा ने बताया कि उसका दूसरा मुंडा से पिछले 6-7 वर्षों से विवाद चल रहा था l विवाद तब गहरा गया जब 2 एकड़ जमीन को लेकर दोनों फिर आमने-सामने आ गए l पहले से खार खाए मनोज मुंडा ने तय कर लिया कि हर हाल में जीतराम मुंडा को ठिकाने लगाना है l
पहले एक बार हत्या की कोशिश नाकाम होने के बाद मनोज मुंडा किसी प्रकार का रिस्क लेने के मूड में नहीं था। इसके लिए उसने सूटर की खोज करनी शुरू की l बातचीत के दौरान उसे पूर्व के परिचित उत्तर प्रदेश के बाबू साहेब नामक व्यक्ति से संपर्क किया। बाबू साहेब ने मामला सेट कर देने का वादा किया l इसके बाद फिर रुपये के लेनदेन की बातचीत शुरू हुई l
22 सितंबर को जीतराम मुंडा की कर दी गई थी हत्या
यूपी से आए शूटर डब्लू यादव ने 22 सितंबर को ओरमांझी स्थित एक होटल में चाय पी रहे जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद डब्लू एवं मिडिलमैन बाबू साहेब दोनों फरार हो गए थे l मामला काफी गंभीर हो गया था। भाजपा तथा स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में ओरमांझी में सड़क जाम किया था। इसके बाद पुलिस लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करती रही।