Dhoni: धौनी की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग का सट्टेबाजी से जुड़े होने का संदेह, जांच में जुटी पुलिस
MS Dhoni भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग आरोपित को रांची पुलिस गुजरात से रांची ले आई है। आरोपित को गुजरात के कच्छ से ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया गया है। रांची लाने के बाद आरोपित को जुवेनाइल
रांची (जासं) । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले नाबालिग आरोपित को रांची पुलिस गुजरात से रांची ले आई है। आरोपित को गुजरात के कच्छ से ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया गया है। रांची लाने के बाद आरोपित को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजे बोर्ड) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इससे पहले सदर अस्पताल में उसकी कोविड-19 टेस्ट कराई गई। टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद आरोपित नाबािलग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस को संदेह है कि नाबालिग आरोपित सट्टेबाजी से जुड़ा हुआ है। इस बिंदु पर जांच चल रही है।
गौरतलब है कि आइपीएल टी-20 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिए कप्तानी कर रहे महेंद्र सिंह धौनी के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीड़िया पर गुजरात के कच्छ निवासी एक नाबालिग ने उनकी बेटी जीवा पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद देशभर में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी की मांग उठी थी। सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल के बाद रांची पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर संबंधित टिप्पणी करने वाले नाबालिग को गुजरात के कच्छ से पकड़वाया था। इसके बाद रांची पुलिस की एक टीम गुजरात गई थी। टीम बुधवार को लेकर आरोपित नाबालिग को लेकर रांची पहुंची।
पुलिस की ओर से दर्ज किया गया था एफआइआर
सोशल मीडिया पर टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी नौशान आलम के निर्देश पर पीएसआई रवि शंकर के बयान पर रातू थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी। एफआइआर टिप्पणी करने वाले अज्ञात के खिलाफ आइपीसी की धारा 506 और आइटी एक्ट की धारा 67 और 67 ए के तहत केस दर्ज की गई थी। तकनीकी सेल की जांच में टिप्पणी करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के आइपी एड्रेस से पता लगाया गया। इसके बाद डीआइजी के निर्देश पर मामले के अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर नारायण प्रजापति के नेतृत्व में एक टीम भेजकर आरोपित को रांची लाया गया।
12वीं का छात्र है आरोपित
आपित्तजनक टिप्पणी करने वाला गुजरात के कच्छ जिले के मुंद्रा तहसील के नाना कपाया गांव का रहने वाला है। वह 12वीं का छात्र है। आरोपित ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खराब प्रदर्शन पर धोनी की बेटी जीवा को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी। आराेपित पर धोनी की पांच साल की बेटी जीवा को धमकी देने का आरोप है। आरोपित ने धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम एकाउंट पर जीवा को लेकर अभद्र टिप्पणी भी की, जिससे धोनी के फैंस गुस्से में थे।