Coronavirus Update: रांची पहुंच रहे यात्रियों का हो रहा मेडिकल टेस्ट Video
बस स्टैंड रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर पहुंचने वाले यात्रियों को मेडिकल जांच के लिए पुलिस रोककर उन्हें अस्पताल भेज रही है या मेडिकल टीम को मौके पर बुलवाया जा रहा है।
रांची, जासं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस भी कोरोना वायरस को लेकर एहतियात बरत रही है। राजधानी रांची में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर पहुंचने वाले यात्रियों को मेडिकल जांच के लिए पुलिस रोककर उन्हें अस्पताल भेज रही है या मेडिकल टीम को मौके पर बुलवाया जा रहा है। कुछ देर पहले खादगढ़ा बस स्टैंड पर मुंबई, पुणे, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली व अन्य शहरों से यात्री पहुंचे हैं। उन्हें खादगढ़ा टीओपी प्रभारी भीम सिंह सहित उनकी टीम ने रोक लिया।
इसके बाद मेडिकल टीम को सूचित किया गया। इसी तरह रांची रेलवे स्टेशन के बाहर, हटिया रेलवे स्टेशन के बाहर, आइटीआइ बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर पुलिस भी निगरानी कर रही है। ताकि वहां बाहर से आए यात्रियों का मेडिकल जांच कराई जा सके। रांची के रातू रोड और न्यू मार्केट चौक पर जनता कर्फ्यू का समर्थन करने के लिए पुलिस राहगीरों से अपील कर रही है।
Coronavirus- कोरोनावायरस को लेकर रांची रेलवे स्टेशन पर पुलिस पूरी तरह से सतर्कता बरत रही है। रांची स्टेशन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। उनका नाम-पता लिखा जा रहा है और उनकी जांच भी की जा रही है। pic.twitter.com/bYRCfTXGIK
— Sujeet Kumar Suman (@sujeet_hzb) March 22, 2020
पुलिस राहगीरों को सैनिटाइजर देकर स्वच्छ रहने की अपील कर रही है। रातू रोड में जनता कर्फ्यू के दिन निकले लोगों को ट्रैफिक पोस्ट के पुलिसकर्मी जागरूक कर रहे हैं। हर किसी को जनता कर्फ्यू का समर्थन कर जरूरी होने पर ही निकलने की सलाह दी जा रही है। रातू रोड न्यू मार्केट चौक पर पोस्टेड ट्रैफिक एएसआइ देवेंद्र सिंह लोगों को मास्क लगाकर निकलने और नियमित सैनिटाइज की सलाह दे रहे हैं।
जनता कर्फ्यू- रांची की सड़कों पर पसरा सन्नाटा। आम लोग अपने घरों में कैद हैं। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए पूरी रांची एक साथ है। pic.twitter.com/OVgGvCesFg
— Sujeet Kumar Suman (@sujeet_hzb) March 22, 2020
दूसरे राज्यों से आए 50 से अधिक लोगों को डोरंडा थाने ने जांच के लिए रोका
जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को अलग-अलग राज्यों से रांची पहुंचे करीब 50 से अधिक लोगों को डोरंडा थाने की पुलिस ने रोक कर रखा है। यह सभी केरला आंध्र प्रदेश तेलंगाना तमिलनाडु जैसे राज्यों से आए हुए हैं। इन लोगों की जांच के लिए पुलिस पिछले 1 घंटे से स्वास्थ्य विभाग से मदद मांग रही है। अब तक कोई भी टीम जांच के लिए नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि पुलिस अलग-अलग जगहों पर दूसरे राज्यों से आए हुए लोगों को एकत्र कर जांच कराने की हर संभव कोशिश कर रही है।
झारखंड के कार्यवाहक मुख्य सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी ने कोरोना संक्रमण के रोकथाम और उपचार के लिए अपने मार्च माह के वेतन में से सात दिनों की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है।
रिम्स में अभी केवल आपात सर्जरी होगी
रिम्स में अब केवल आपात सर्जरी ही की जाएगी। रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह ने शनिवार को आदेश जारी कर सामान्य सर्जरी पर रोक लगा दी है। अपने आदेश में निदेशक ने कहा है कि स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी दिशा निर्देश के आलोक में रिम्स में सामान्य तौर पर की जाने वाली रूटीन सर्जरी अगले आदेश तक बंद की जाती है। साथ ही निदेशक ने लोगों से अपील की है कि बहुत ज्यादा जरूरी हो तभी रिम्स आएं। रिम्स अगर आएं तो अपने साथ ज्यादा लोगों को लेकर नहीं आएं।
यात्रा से लौट रहे 431 यात्रियों को जांच के बाद किया गया विदा
शनिवार को सात यात्री बस पर सवार होकर दुमका पहुंचे यात्रियों की जांच की गयी। हालांकि, इस दौरान किसी भी यात्री में कोरोना का लक्षण नहीं मिले। देवघर व बासुकीनाथ की यात्रा पर मुर्शीदाबाद से 366 यात्रियों का जत्था शनिवार को बासुकीनाथ की सीमा में प्रवेश कर रहा था। तभी पुलिस नाका पर जांच के दरम्यान एहतियात के तौर पर सबको रोका गया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने सभी यात्रियों की जांच की गई। इसके बाद सबको गंतव्य के लिए विदा कर दिया गया। कुछ लोगों को कफ-कोल्ड की शिकायत थी। उन्हें दवा दी गई साथ ही सलाह दी गई कि वह सीधे अपने प्रदेश को लौट जाएं।