पुलिस मुख्यालय करेगा नए विधानसभा भवन में आग की जांच Ranchi News
Jharkhand. मुख्य सचिव डीके तिवारी के आदेश पर गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से जांच रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट झारखंड विधानसभा सचिवालय को भी सौंपने का अनुरोध किया गया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। नए विधानसभा के एक भाग में चार दिसंबर की शाम लगी आग की जांच की जिम्मेदारी अब पुलिस मुख्यालय को सौंपी गई है। मुख्य सचिव के आदेश पर गृह विभाग ने इससे संबंधित पत्राचार पुलिस मुख्यालय को किया है। पत्र में उल्लेख है कि नवनिर्मित भवन में विधानसभा सत्र होना है, इसलिए विधानसभा भवन के एक हिस्से में लगी आग की जांच एवं तहकीकात जरूरी है। पुलिस मुख्यालय से जांच पूरी कर उससे संबंधित रिपोर्ट झारखंड विधानसभा सचिवालय को भी सौंपने का अनुरोध किया गया है।
विधानसभा सचिव ने मुख्य सचिव से किया था पत्राचार
झारखंड विधानसभा के सचिव महेंद्र प्रसाद ने मुख्य सचिव से पत्राचार किया था। उन्होंने बताया था कि झारखंड विधानसभा अपने नए परिसर में स्थानांतरित होगा। चार दिसंबर की शाम नए विधानसभा भवन के एक भाग में आग लगने की घटना चिंता का विषय है। इसके कारणों की तहकीकात एवं अपेक्षित जांच आवश्यक है। इस तथ्य से भी अवगत होना जरूरी है कि नए विधानसभा भवन में अग्निरोधक उपकरण को किस प्रकार व्यवस्थित किया गया है व फायर सेफ्टी अलर्ट की क्या व्यवस्था है। पूरे परिसर के लिए सुरक्षा की व्यवस्था आदि की जानकारी भी जरूरी है। इसलिए उक्त घटना की तकनीकी व प्रशासनिक जांच आवश्यक है ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो।