पुलिस को चकमा देकर बरियातू थाने के हाजत से भागा झपटमार
पुलिस को चकमा देकर बरियातू थाने के हाजत से बुधवार की देर रात झपटमार फरार हो गया। उस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है।
जागरण संवाददाता, रांची : पुलिस को चकमा देकर बरियातू थाने के हाजत से बुधवार की देर रात झपटमारी का एक आरोपित फरार हो गया। इसके बाद थाने में हड़कंप मच गया। आरोपित की तलाश में कई पुलिसकर्मियों ने हर संभावित ठिकाने पर छापा मारा। लेकिन वह नहीं मिला। हाजत से फरार हुआ कैदी सदर थाना क्षेत्र के इलाही बख्श कॉलोनी निवासी फिरोज अंसारी है। सदर थाने की पुलिस ने उसे चेन छिनतई के एक मामले में 27 मई को गिरफ्तार किया था। सुरक्षा के मद्देनजर उसे बरियातू थाने के हाजत में रखा गया था। वहां पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। फिरोज अंसारी का आपराधिक रिकार्ड रहा है। उस पर छिनतई व लूट के कई मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में वह कोकर इलाके में एक महिला से चेन झपटा था। इसी मामले में पुलिस ने उसे दबोचा था। इधर, फिरोज के फरारी के बाद अलग से बरियातू थाने में केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मामले में ओडी अफसर और पहरा ड्यूटी पर लगे सिपाही पर गाज गिरना तय है। दोनों के खिलाफ सदर डीएसपी दीपक पांडेय ने रिपोर्ट सौंपी है। दोनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। खबर लिखे जाने तक दोनों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई नहीं की गई थी। रात में खुला था हाजत, उठाया फायदा :
बताया जा रहा है कि बरियातू थाने का हाजत खुला था। इसी का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। आरोपित फिरोज अंसारी को सदर थाने की पुलिस ने गुरुवार की देर शाम गिरफ्तार किया था। उसे बरियातू थाना के हाजत में रखा गया था। हाजत पहरा ड्यूटी में सिपाही मिथिलेश पाडेय व ओडी अफसर उमा शकर सिंह तैनात किए गए थे। ये लोग उसे खाना देने के बाद हाजत के गेट को लॉक नहीं कर पाए। इसी का फायदा उठाकर आधी रात में वह फरार हो गया। नींद खुली तो गायब मिला कैदी :
बरियातू थाना में तैनात पुलिसकर्मियों की 28 मई की सुबह जब नींद खुली तब वह हाजत से गायब मिला। कैदी को देखने के लिए हाजत के पास गए तो देखा कि गेट खुला है और भीतर में कैदी भी नहीं है। इसके बाद थाना में हड़कंप मच गया। तैनात पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर और आसपास में कैदी को खोजा, मगर उसका कोई पता नहीं चल पाया।