पुलिस ने कब्र से निकालकर किशोरी के शव का कराया पोस्टमार्टम, जानें इसकी बड़ी वजह Garhwa News
Garhwa Jharkhand News विगत 20 मई को कब्रिस्तान में शव दफनाया गया था। जहर खिलाकर हत्या के संदेश पर लड़की के पिता के आवेदन पर चार दिनों के बाद पुलिस ने कब्र खुदवाया। मामले में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मझिआंव, (गढ़वा), जासं। चार दिन पूर्व किशोरी की हुई मौत के बाद बरडीहा थाना पुलिस ने सोमवार को कब्रिस्तान में दफनाए गए किशोरी के शव को फिर से निकालकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई किशोरी के पिता द्वारा आवेदन देने के बाद की है। किशोरी के पिता ने अपनी पुत्री की हत्या जहर देकर किए जाने का संदेह जताया है। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई है।
जानकारी के अनुसार विगत 19 मई को बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर गांव के लाहासुर टोला निवासी अकबर अंसारी की दो नाबालिग लड़की को इनके गांव के ही एक लड़के और बेटी की सहेली ने झांसा देकर पेट दर्द की दवा बता कर जहर दे दिया। इसके बाद घटना की जानकारी होने पर 20 मई को स्वजनों द्वारा दोनों किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से बड़ी लड़की 14 वर्षीय सबीना खातून की मौत हो गई, जबकि छोटी लड़की नजरू खातून (12) की जान इलाज के बाद बच गई।
ग्रामीणों द्वारा समझाने के बाद लड़की के पिता अकबर अंसारी ने अपनी बेटी सबीना खातून का शव कब्रिस्तान में दफना दिया। मामले की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद अकबर अंसारी ने 23 मई को थाना में आवेदन देकर हत्या का संदेह जताया। इसको लेकर अज्ञात चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद बरडीहा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंदुरिया द्वारा टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की गई।
इसके बाद लड़की के शव को सोमवार की सुबह पुलिस निरीक्षक संजय कुमार खाखा, बरडीहा थाना प्रभारी पंकज सिंदुरिया, कांडी थाना प्रभारी नीतिश कुमार एवं प्रखंड मजिस्ट्रेट संदीप कुमार गुप्ता की उपस्थिति में कब्र से बाहर निकाला गया। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम गढ़वा सदर अस्पताल में कराया गया। इस संबंध में बरडीहा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंदुरिया ने बताया कि अनुसंधान जारी है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।