पेट्रोल प्रति लीटर 25 रुपये सस्ता होने से झारखंड में दोपहिया वाहन चालकों को इस तरह मिलेगा लाभ
Petrol Price News झारखंड में 26 जनवरी से पेट्रोल सस्ता होने की खबर से दोपहिया चालकों में खुशी है। हर तरफ लोग इसी की चर्चा कर रहे हैं। लोग इस समय हेमंत सोरेन सरकार की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं। हर कोई सराहना कर रहा है।
रांची, डिजिटल टीम। हेमंत सोरेन ने झारखंड के लोगों को नया वर्ष पर बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने 26 जनवरी 2022 से झारखंड में पेट्रोल 25 रुपये सस्ता करने की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के बाद झारखंड में लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। हर जगह इसी घोषणा की अभी चर्चा हो रही है। अभी तक की सूचना के अनुसार प्रति माह 10 लीटर पर यह लाभ मिलेगा
मोरहाबादी में जनसभा के दौरान की घोषणा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह घोषणा बुधवार को उस समय की जब वह अपनी सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया गया था। दोपहर दो बजे के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंच से पेट्रोल की कीमत कम करने की घोषणा की, बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह खुशी से उछल पड़ा।
दोपहिया वाहन चालकों को ही लाभ मिलेगा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घोषणा के साथ ही एक टवीट tweet भी लोगों से साझा किया। इस tweet में उन्होंने बताया है कि नए वर्ष में 26 जनवरी 2022 से झारखंड में दोपहिया वाहनों के लिए पेट्रोल 25 रुपये सस्ता कर दिया जाएगा।
यह लिखा है सीएम हेमंत सोरेन ने tweet में
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने tweet में लिखा है कि पेट्रोल-डीजल के मूल्य में लगातार इजाफा हो रहा है, इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसलिए सरकार राज्य स्तर से दोपहिया वाहन के लिए पेट्रोल पर प्रति लीटर 25 रुपये की राहत देगी। इसका लाभ 26 जनवरी 2022 से मिलना शुरू होगा।
हेमंत सरकार की घोषणा स्वागत योग्य
उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस घोषणा के बाद दैनिक जागरण ने जब बाइक चालकों से बातचीत की तो उनकी खुशी देखते बनी। बाइक चालक अमरेंद्र तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार की यह घोषणा बेहद राहत देने वाली है। इस समय पेट्रोल की कीमत इस कदर बढ़ गई है कि लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह बाइक से हर दिन कार्यालय जाने वाले अखिलेश कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार किन शर्तों पर दोपहिया वाहन चालकों को यह सुविधा देगी, अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने अभी केवल घोषणा की है। संभव है आने वाले चंद रोज में सरकार इस बारे में विस्तृत जानकारी भी लोगों से साझा करेगी। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि यह घोषणा फायदेमंद है या नहीं। कोकर रांची की रहने वाली प्रियंका पाठक ने कहा कि अच्छी पहल है। सरकार ने गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों की चिंंता की है। इस तरह की पहल हर राज्य में होनी चाहिए।
रांची में आज पेट्रोल की कीमत 98.52 रुपये
मालूम हो कि इस समय झारखंड के रांची शहर में पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 98.52 रुपये है। इसी वर्ष एक समय ऐसा भी रहा कि यह कीमत बढ़ कर सौ रुपये को पार कर गई थी। पेट्रोल की कीमत बढ़ने से लोगों की जेब पर बोझ तो बढा ही है, यात्रा भी महंगी हो गई है।
जिसके पास होगा राशन कार्ड उसे मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा है कि पेट्रोल और डीजल के दाम आज आसमान छू रहे हैं। इसका बुरा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार को हुआ है। एक गरीब व्यक्ति घर में मोटरसाइकिल होते हुए भी पेट्रोल के पैसे नहीं रहने के कारण उसको चला नहीं पा रहा है। अपना फसल बेचने बाजार नहीं जा पा रहा है। इसलिए मैंने निर्णय लिया है कि राशन कार्डधारी यदि अपने मोटरसाइकिल या स्कूटर में पेट्रोल भरवाते हैं तो उन्हें ₹25 प्रति लीटर की दर से हम राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करेंगे। यह व्यवस्था 26 जनवरी से हम लागू करने जा रहे हैं। एक गरीब परिवार प्रतिमाह 10 लीटर पेट्रोल तक यह राशि प्राप्त कर सकता है।