ऐसे तो जांच से ही फैल जाएगा संक्रमणः रांची सदर अस्पताल में एक-दूसरे के संपर्क में आकर लोग करवा रहे कोरोना जांच
झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसमें भी रांची से सबसे अधिक संक्रमित मिल रहे हैं। बावजूद इसके जिले में कोरोना जांच के दौरान घोर लापरवाही देखने को मिल रही है। शुक्रवार को रांची के सदर अस्पताल में लोगों की लंबी कतार देखने को मिली।
रांची, जासं । झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसमें भी रांची से सबसे अधिक संक्रमित मिल रहे हैं। बावजूद इसके जिले में कोरोना जांच के दौरान घोर लापरवाही देखने को मिल रही है। शुक्रवार को रांची के सदर अस्पताल में कोरोना जांच के लिए लोगों की लंबी कतार देखने को मिली। इस दौरान लोग ना शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते दिखे और ना ही अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसके लिए कोई विशेष व्यवस्था देखने को मिली। ऐसे में कोरोना संक्रमित से स्वस्थ्य व्यक्ति तक आसानी से संक्रमण फैल सकता है।
इधर, रांची जिला प्रशासन के आला अधिकारी सुबह से ही अलग-अलग केंद्रों पर कुल पंजीकृत लोगों की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। बताया जा रहा उम्र सीमा घटाए जाने के बाद पहले दिन ही लोगों में काफी उत्साह दिख रहा है। पहले दिन रांची में 45 वर्ष से कम उम्र के 3078 लोगों ने वैक्सीन लगवाया। हालांकि ये राज्य सरकार के द्वारा तय किए गए टार्गेट से 33 प्रतिशत कम है। राज्य सरकार ने एक दिन में 4600 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। शुक्रवार को सदर अस्पताल में वैक्सीनेशन करा कर बाहर निकलने वाले लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। बता दें कि सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी वैक्सीनेशन की प्रक्रिया चल रही है।