पलामू में वज्रपात से 2 युवकों की मौत, 4 घायल Palamu News
Jharkhand Latest News. होलेया गांव निवासी 36 वर्षीय पंचम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनका इलाज भी हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
पलामू, जासं। पलामू जिला अंतर्गत हरिहरगंज व पीपरा प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग जगहों पर बारिश के दौरान हुए वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में चार लोग घायल भी हो गए हैं। इसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार हरिहरगंज थाना क्षेत्र के खड़गपुर गांव स्थित बटाने नदी के किनारे युवकों की टोली क्रिकेट खेल रही थी। इस बीच बारिश से बचने के लिए 4 युवक पास में ही आम के पेड़ के नीचे छिपे हुए थे।
इसी बीच पेड़ पर वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आकर चारों युवक घायल हो गए। आनन फानन में घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने खड़गपुर गांव निवासी 18 वर्षीय राजकिशोर कुमार को मृत घोषित कर दिया। इसमें पंकज कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर श्रवण कुमार व केटेश कुमार जख्मी हैं। इधर पीपरा प्रखंड के सरैया पंचायत अंतर्गत दो अलग-अलग जगहों पर हुए वज्रपात में खेत में काम कर रहे विश्रामपुर गांव निवासी 40 वर्षीय विनय पासवान की मौत हो गई।
चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। होलेया गांव निवासी 36 वर्षीय पंचम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनका इलाज भी हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इधर वज्रपात में दो लोगों की मौत से संबंधित गांव में मातमी माहौल है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।