पलामू में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया, कर रही पूछताछ
झारखंड के पलामू जिले में बुधवार की रात हुई बुजुर्ग दंपति की गला रेत कर हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सूत्र दावा कर रहे हैं कि पुलिस इस मामले के असली दोषी तक पहुंच गई है।
मेदिनीनगर (पलामू),संस। झारखंड के पलामू जिले में बुधवार की रात हुई बुजुर्ग दंपति की गला रेत कर हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सूत्र दावा कर रहे हैं कि पुलिस इस मामले के असली दोषी तक पहुंच गई है। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जा सकेगा। इस मामले में आरोपित को गुरुवार की शाम शहर से ही हिरासत में लिया गया। आरोपित का नाम अभी नहीं बताया जा रहा है। बता दे कि शहर थाना क्षेत्र के कुंड मुहल्ला स्थित डा जीपी सिंह के क्लीनिक के निकट सेवानिवृत्त फौजी व उनकी सेवानिवृत्त शिक्षिका पत्नी की घर में गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। दोनों शव को पुलिस ने जब्त कर पूरे घर को सील कर दिया था। इस मामले में डॉग स्क्वायड ने जांच की। इसके बाद में रांची से फॉरेंसिक टीम बुलाया गया था। इस बीच घटनास्थल से मिले एक साक्ष्य के आधार पर एक आरोपित को पूछताछ के लिए उठाया गया। मरने वाले दंपती का एक बेटा झारखंड सचिवालय में पदाधिकारी है। वहीं दूसरा बेटा सूचना एवं जनसंपर्क उपनिदेशक कार्यालय में कार्यरत है। हत्या के बाद से लोगों में आक्रोश व्याप्त था।पूर्व सैनिक परिषद सहित कई अन्य संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी थी।
.
हत्याकांड का जल्द हो सकता है खुलासा
पुलिस सूत्रों की ओर से बताया जा रहा है कि इस दोहरे हत्याकांड के कारणों का जल्द खुलासा हो सकता है। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से अलग अलग एंगल पर पूछताछ कर रही है। अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि इतने जघन्य अपराध को किस तरह और किस मकसद से अंजाम दिया गया। पुलिस के लिए इस केस के रहस्यों को खोलना बेहद चुनौतीपूर्ण है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाना होगा।