झारखंड के पांच जिलों में कोरोना के सभी मरीज स्वस्थ, 10 जिलों में संक्रमण हो रहा कम
Jharkhand Coronavirus News झारखंड के 10 जिलों में एक सप्ताह में कोई नया संक्रमित नहीं मिला है। रविवार को 20 जिलों में नया कोरोना मरीज नहीं मिला। पिछले पांच दिनों में राज्य में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus News झारखंड के पांच जिले में सभी कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यहां अब कोई मरीज संक्रमित नहीं है। इनमें पाकुड़, गिरिडीह, हजारीबाग, सिमडेगा तथा पलामू शामिल हैं। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज तथा गोड्डा में महज एक-एक मरीज ही अब भी संक्रमित है। राज्य के 10 जिलों में पिछले सात दिनों में कोई नया संक्रमित नहीं मिला है। इनमें चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, पाकुड़, रामगढ़, सिमडेगा तथा पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
इधर, रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में 14,457 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें महज 31 संक्रमित पाए गए। राज्य के सिर्फ चार जिले में ही नए मरीज मिले हैं। इनमें रांची के 21, पूर्वी सिंहभूम के छह, सरायकेला खरसावां के तीन तथा देवघर के एक मरीज शामिल हैं। 20 जिलों में कोई नया संक्रमित नहीं मिला। रविवार को राज्य में 36 मरीज स्वस्थ भी हुए। वहीं, पांच दिनों बाद रांची में एक कोरोना मरीज की मौत हो गई। पिछले पांच दिनों में राज्य में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई थी। बता दें कि राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले अब 433 हो गए हैं।