पगला बाबा बस डकैती का मास्टरमाइंड पकड़ाया, रांची की प्रेमिका के कॉल डिटेल्स से खुला राज; जानें पूरा मामला
रॉकी 27 अगस्त की रात भागलपुर से कोलकाता जा रही पगला बाबा कृष्णा रजत बस डकैती का मास्टरमाइंड है। तब बस से हवाला के 1.10 करोड़ रुपये लूटे गए थे।
रांची, राज्य ब्यूरो। दुमका पुलिस ने बस डकैती के मास्टरमाइंड रॉकी सिंह उर्फ राजेश रौशन को गिरफ्तार कर लिया है। वह 27 अगस्त की रात भागलपुर से कोलकाता जा रही पगला बाबा कृष्णा रजत बस में डकैती का मास्टरमाइंड है। तब बस से हवाला के 1.10 करोड़ रुपये लूटे गए थे। रुपये लूटने के बाद रॉकी सिंह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में आया था। कॉल डिटेल्स के आधार पर दुमका पुलिस रांची पहुंची तो वह रांची से निकल चुका था। दुमका पुलिस रॉकी की प्रेमिका से पूछताछ के बाद चली गई थी। इसके बाद रॉकी दुमका में धराया।
रॉकी ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि डकैती के 70 लाख रुपये उसके उस्ताद के पास है। उसका उस्ताद अब भी फरार है। रॉकी मूल रूप से बिहार के मुंगेर स्थित गंगटा का निवासी है। वह वर्ष 2012 से 2015 तक रांची में पहले धुर्वा में व बाद में चुटिया में किराए के मकान में रहा। यहां रहने के दौरान वह एक कंपनी में सेल्समैन का काम करने लगा।
चुटिया में जिस किराए के मकान में वह रहता था उस मकान मालिक की बेटी से ही प्यार करने लगा था। वह यहां से जाने के बाद भी उसके संपर्क में रहा। घटना के बाद जब दुमका पुलिस ने उसके मोबाइल का कॉल डिटेल्स रिकार्ड निकाली तो उसी सीडीआर के आधार पर पुलिस चुटिया पहुंच गई। रांची में रॉकी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है।