रांची में पानी के लिए हाहाकार, दोहरे संकट का सामना कर रहे शहरवासी
रांची इस समय दोहरे संकट का सामना कर रही है। एक तरफ जहां कोरोना महामारी तेजी से अपना पांव पसार रही है। वहीं दूसरी तरफ पेयजल की समस्या हर गुजरते दिन के साथ विकराल होती जा रही हैं। शहर के कई इलाकों में पानी का घोर संकट खड़ा हो गया।
रांची, जासं । राजधानी रांची इस समय दोहरे संकट का सामना कर रही है। एक तरफ जहां कोरोना महामारी तेजी से अपना पांव पसार रही है। वहीं दूसरी तरफ पेयजल की समस्या हर गुजरते दिन के साथ विकराल होती जा रही हैं। शहर के कई इलाकों में पानी का घोर संकट खड़ा हो गया है। नगर निगम की ओर से हालात को संभालने के लिए टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।
टैंकर आने से पहले ही लोगों की लंबी कतार लग जा रही है। पानी ले जाने के लिए बर्तन सजा कर रखे जा रहे हैं। मधुकम रूगड़ीगड़ा में पेयजल का घोर संकट है। इलाके के अधिकांश चापाकल खराब हो चुके हैं। नल में पानी बेटाइम आता है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों की पूरी दिनचर्या बिगड़ गई है। सुबह से शाम तक महिलाएं पानी का इंतजार कर रहे हैं। बर्तन धोने खाना बनाने तक के लिए टैंकर के आने का इंतजार किया जा रहा। सुबह से रात तक हाथ में बर्तन लिए हुए महिलाएं बच्चे और युवा सड़कों पर नजर आ रहे हैं। ना चाहते हुए भी लोग पानी के लिए एकत्र हो रहे हैं। नगर निगम से मांग की जा रही है कि वह पेयजल सप्लाई की समय सीमा तय कर दें।