रांची में सेंट्रल मॉल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत, मुआवजे काे लेकर परिजनों का हंगामा Ranchi News
रांची में रोशपा टावर के सामने स्थित सेंट्रल मॉल से एक व्यक्ति की गिरकर मौत के बाद परिजन मॉल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर रहे हैं।
रांची, जासं। राजधानी रांची के मेन रोड में गुरुवार को लोगों ने सड़क जाम कर दी। यहां करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। बताया गया कि रोशपा टावर के सामने स्थित सेंट्रल मॉल से एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो जाने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और सड़क जामकर यातायात बाधित कर दी। बीते 17 सितंबर को सेंट्रल मॉल से संजीव गुप्ता नाम का सेल्समैन गिर गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
यहां पुलिस की मान-मनौव्वल के करीब एक घंटे बाद जाम हटा। इस बीच पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। इसके बाद सड़क जाम कर रहे लोग मौके से भाग खड़े हुए। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। डीएसपी कोतवाली अजित कुमार विमल, हिंदपीढ़ी थानेदार बृज कुमार, डेली मार्केट थानेदार राजेश कुमार मौके पर मौजूद हैं।
यहां परिजन मॉल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे थे। परिजन मॉल के मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। आक्रोशित लोग मुआवजा की मांग कर रहे थे इस बीच मौके पर हिंदपिढी थाना की पुलिस पहुंच गई। पुलिस परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने में जुटी रही। हालांकि, बाद में इन्हें हल्का बल प्रयोग कर हटाया गया। जाम के कारण मेन रोड में बड़ी संख्या में राहगीर फंसे हुए थे। जिन्हें यातायात चालू होने के बाद राहत मिली।
झारखंड विधानसभा चुनाव की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मॉल से गिरे सेल्समैन की इलाज के दौरान मौत, मेन रोड में बवाल
मेन रोड स्थित रांची सेंट्रल मॉल के पांचवें तल्ले से गिरकर घायल सेल्समैन संजीव गुप्ता की इलाज के दौरान बुधवार देर रात मौत हो गई। वह चुटिया का रहने वाला था। मॉल के कर्मचारी व परिजन संजीव की मौत की जानकारी मिलते ही सड़क पर उतर आए। मेन रोड को जाम कर खूब हंगामा किया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा। उन्हें हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
मॉल के बाहर हंगामा कर रहे थे सहकर्मी और परिजन
संजीव गुप्ता की मौत के बाद सेंट्रल मॉल के कर्मचारियों ने मॉल के बाहर ही सड़क पर जमकर हंगामा किया। संजीव गुप्ता के सहकर्मियों के अनुसार मॉल में सुरक्षा के उपकरण नहीं लगाए जाने की वजह से संजीव हादसे का शिकार हो गया। इससे जान चली गई। वहीं संजीव के मौत के बाद प्रबंधन अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है। वार्ता के लिए बुलाए जाने पर भी मॉल प्रबंधन के लोग मौके पर नहीं पहुंचे।
ऐसे हुआ था हादसा
रांची सेंट्रल मॉल में सेल्समैन के रूप में काम कर रहे संजीव गुप्ता 17 सितंबर की दोपहर लिफ्ट वाली खाली जगह से नीचे गिर गया था। आनन-फानन में अन्य मजदूरों और सहकर्मियों ने संजीव को गड्ढे से निकाला और राज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को 17 सितंबर की देर रात दी गई थी। हालांकि, किसी की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।