Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी बोले, विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी पार्टी
Jharkhand. भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने भी 65 प्लस का नारा दोहराया है। कहा कि पार्टी झारखंड में अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने पार्टी के चुनावी एजेंडे को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में ओम माथुर ने केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों का हवाला देते हुए बताया कि हमारी सरकार ने गांव, गरीब और किसानों को लेकर काफी काम किया है। झारखंड में भी सरकार के काम जनता तक पहुंचे हैं। माथुर झारखंड आने से पूर्व नौ राज्यों में भाजपा के चुनाव की कमान संभाल चुके हैं।
ओम माथुर ने भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं की तर्ज पर 65 प्लस के लक्ष्य को दोहराया। कहा, एनडीए झारखंड में 65 प्लस का आंकड़ा पार करेगी। भाजपा राज्य में अपने सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलेगी। भाजपा गठबंधन रखना जानती है, अटल जी के समय से ही यह एनडीए का एजेंडा रहा है। हालांकि, आजसू के सभी 81 सीटों पर चुनाव लडऩे पर कहा कि हर एक पार्टी को गठबंधन में अपना विचार रखने का अधिकार हैं। वहीं, जदयू के गठबंधन को बिहार तक सीमित बताया।
भारतीय जनता पार्टी झारखण्ड प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में चुनाव प्रभारी माननीय श्री @OmMathur_bjp जी,प्रदेश अध्यक्ष श्री @LaxmanMP जी,केंद्रीय मंत्री श्री @MundaArjun जी और सह प्रभारी श्री @nkishoreyadav जी तथा साथियों के साथ हिस्सा लिया। #AbkiBaar65Paar pic.twitter.com/GIJ0Zul9JJ
— Raghubar Das (@dasraghubar) August 24, 2019
ओम माथुर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत बताया। कहा, यहां आने से पूर्व उन्हें जो फीड बैक मिला है, उसके अनुसार हमारी तैयारी पूरी है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक चुनावी मोड में आ चुके हैं। भावी कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं, जिसकी जानकारी आपसे साझा की जाएगी। उन्होंने चुनाव में जीत का मंत्र भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तरह बूथ स्तर की तैयारियों को ही बताया। कहा, हमारी पार्टी कार्यकर्ता आधारित है, कार्यकर्ताओं को जितना सम्मान मिलेगा, पार्टी उतनी ही आगे बढ़ेगी।
भाजपा, अमित शाह से लेकर बूथ स्तर तक 11 करोड़ कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उम्रदराज विधायकों के टिकट काटने के सवाल पर कहा कि इंतजार कीजिए। चुनाव समिति इसका फैसला करेगी। अनुच्छेद 370 को लेकर कांग्रेस के रुख पर कहा कि कांग्रेस के लीडर दिग्भ्रमित हैं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, भाजपा के सह प्रभारी रामविचार नेताम, विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी नंद किशोर यादव भी उपस्थित थे।
...अभी तो हमारे मुख्यमंत्री हैं हमारे पास
झारखंड में भाजपा किस चेहरे के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी के सवाल पर ओम माथुर ने कहा कि अभी तो मुख्यमंत्री रघुवर दास हमारे पास हैं। हालांकि, यह पूछने पर कि क्या रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा झारखंड में चुनाव लड़ेगी के सवाल पर कहा, इंतजार कीजिए। इधर, ओम माथुर ने प्रदेश कार्यालय आने से पूर्व सीएम आवास में रघुवर दास के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया।
भाजपा विपक्ष को कमजोर नहीं मानती
ओम माथुर ने कहा कि भाजपा किसी भी चुनाव में विपक्ष को कमजोर मानकर नहीं चलती। हम चुनाव की छोटी से छोटी चुनौती को गंभीरता से लेते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की यात्रा पर कहा, यह उनका विषय है।