चतरा में घर की दीवार गिरने से वृद्ध महिला की मौत, बच्चा गंभीर Chatra News
Jharkhand Hindi Samachar. करैलीबार गांव निवासी चंद्रदेव दास के पुत्र सत्येंद्र दास का घर मिट्टी का है। बारिश से मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी।
हंटरगंज (चतरा), जासं। चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड के करैलीबार गांव में घर की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई और एक बच्चा जख्मी हो गया। मृतका और जख्मी बच्चा रिश्ते में नानी एवं नाती हैं। घटना रविवार की रात की है। घटना की जानकरी मिलने के बाद सोमवार को पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का शव अपने कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका 75 वर्षीया शांति देवी सलैया गांव निवासी स्वर्गीय बलदेव दास की पत्नी थी। करैलीबार गांव में उसकी बेटी ब्याही है। वह बेटी के घर गई हुई थी। करैलीबार गांव निवासी चंद्रदेव दास के पुत्र सत्येंद्र दास का घर मिट्टी का है। बारिश से मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की रात भोजन के बाद परिवार के सारे सदस्य सो गए। इसी बीच देर रात को अचानक दीवार गिर गया।
दीवार सत्येंद्र की सास शांति देवी के ऊपर गिरी और वह उसके नीचे दब गई। परिवार के सदस्यों ने मलबे से उसे निकाला और उपचार के लिए जोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में एक बालक भी जख्मी हुआ है। जख्मी बालक सत्येंद्र का पुत्र है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सत्येंद्र का बेटा और सास साथ में एक खाट पर सोए हुए थे। दस वर्षीय बालक खतरे से बाहर बताया जा रहा है।