Jharkhand: खूंटी में नर्सिंग छात्राओं से छेड़छाड़... भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
Nursing girls molested in Khunti Jharkhand खूंटी के नर्सिंग छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा ने घटना में आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जांच के आदेश दिए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Nursing Girls Molested in Khunti Jharkhand भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने खूंटी के तिरला में स्थित होडा एनजीओ के नर्सिंग इंस्टीट्यूट में छात्राओं के साथ घटी छेड़छाड़ की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अब राज्य की जनता का राज्य सरकार से बिल्कुल ही भरोसा उठ गया है। प्रकाश ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर फिर सरकार का चेहरा उजागर हुआ है। इस सरकार में राज्य की बहन बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हैं। प्रकाश ने आज इस संबंध में पुलिस अधीक्षक खूंटी से दूरभाष पर बात करते हुए आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि अगर किसी भी प्रकार से आरोपी को बचाने की कोशिश की गई तो भाजपा पूरे प्रदेश में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश के निर्देशानुसार प्रदेश भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में खूंटी स्थित नर्सिंग इंस्टीट्यूट का दौरा करेगा और घटित घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेगा। प्रतिनिधिमंडल विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रदेश दीपक प्रकाश को सौंपेगा।
नर्सिंग छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जांच का आदेश
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने खूंटी के एक नर्सिंग इंस्टीट्यूट में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ होने के आरोप के मामले की जांच का आदेश दिया है। उन्होंने ट्विटर पर यह आदेश देते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई भी करने को कहा है।
महिलाओं को कांग्रेस मुख्यालय भेज भाजपा ने दिखाई अपनी मानसिकता : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डा. राजेश गुप्ता छोटू ने भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री सीपी सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं को इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली भाजपा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को भी घृणित चश्मे से देखने से बाज नहीं आती है। हमें बीजेपी से महिलाओं को आदर करने की सीख लेने की जरूरत नहीं है। भाजपा को आदर अगर सिखाना है तो भाजपा के महानगर के उपाध्यक्ष एवं सांसद संजय सेठ के पीए को सिखाएं जो महिला उत्पीड़न में जेल गए हुए हैं। भाजपा को अपने विधायक ढुलू महतो को विवेकशील बनाना चाहिए। ऐसे अनेक मामले हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने कहा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में वैचारिक मतभेद को लेकर विरोध करने की स्वतंत्रता सबको है लेकिन इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि सैद्धांतिक एवं राजनीतिक विरोध की एक सीमा निर्धारित हो। विधायक सीपी सिंह को आरोप लगाने के पहले यह बताना चाहिए कि उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के जानकारी दिए कांग्रेस कार्यालय में विरोध के लिए क्यों महिलाओं को भेजा। यह भाजपा की कुत्सित मानसिकता का परिचय है। जिस विध्वंस और फसाद के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को कांग्रेस कार्यालय भेजा था उसमें उन्हें असफलता हाथ लगी और इस असफलता से भाजपा बेचैन और आग बबूला हो गई है।