JMM नेता की हत्या के नामजद आरोपित ने किया सरेंडर, पुलिस लेगी रिमांड पर Ranchi News
Jharkhand. रिमांड पर पुलिस उससे पूछताछ करेगी। झामुमो जिला उपाध्यक्ष सुबोधनंद तिवारी को छह अपराधियों ने गोली मारी थी।
रांची, जासं। राजधानी रांची के मांडर क्षेत्र में मुड़मा गांव के झामुमो जिला उपाध्यक्ष सुबोधनंद तिवारी हत्याकांड के नामजद आरोपित विशाल आनंद ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह ने कहा कि सुबोधनंद तिवारी के हत्या के अभियुक्त विशाल आनंद ने पुलिस दबिश के कारण कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
गत शनिवार शाम मुड़मा चौक के निकट दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे छह अपराधियों ने सुबोधनंद तिवारी की हत्या गोली मार कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अपराधियों ने नजदीक से तिवारी को छह गोली मारी थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल पर बैठ कर हथियार लहराते व हवाई फायरिंग करते हुए रांची की ओर भाग निकले थे। सुबोधनंद तिवारी की हत्या के बाद प्राथमिकी में मुडमा गांव के ही विशाल आनंद को नामजद आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने हत्या का कारण जमीन विवाद बताया था।