Move to Jagran APP

रांची का अपर बाजार होगा नो पार्किग जोन

रांची अपर बाजार को नो पार्किग जोन घोषित किया जाएगा। रांची नगर निगम ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही इसे लेकर बैठक होगी। व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए बकरी बाजार में बड़ा पार्किग स्थल बनाने का भी प्रस्ताव है।

By JagranEdited By: Published: Sat, 20 Feb 2021 08:04 AM (IST)Updated: Sat, 20 Feb 2021 08:04 AM (IST)
रांची का अपर बाजार होगा नो पार्किग जोन
रांची का अपर बाजार होगा नो पार्किग जोन

जासं, रांची : अपर बाजार को नो पार्किग जोन घोषित किया जाएगा। रांची नगर निगम ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही इसे लेकर बैठक होगी। व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए बकरी बाजार में बड़ा पार्किग स्थल बनाने का भी प्रस्ताव है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि नो पार्किग जोन बनने पर सभी दुकानदार, स्टाफ और ग्राहकों के वाहन बकरी बाजार में प्रस्तावित पार्किंग में खड़े होंगे। इससे पार्किंग की समस्या हल हो जाएगी और अपर बाजार की सड़क का अतिक्रमण भी खत्म हो जाएगा। सड़कें अतिक्रमणमुक्त होने से अपर बाजार में आना-जाना आसान हो जाएगा।

loksabha election banner

अपर बाजार की स्थिति पर हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद अब नगर निगम हरकत में आया है। अपर बाजार की स्थिति सुधारने की दिशा में मंथन शुरू हो गया है।

दरअसल, नगर निगम के पास अपर बाजार में काफी जमीन है। इस जमीन पर निगम की गाड़ियां खड़ी हैं। अब नगर निगम यहां कई योजनाओं पर मंथन कर रहा है। बकरी बाजार के पास नगर निगम के स्टोर की जमीन पर अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई जा सकती है और ऊपर इमारत बना कर इसका अन्य उपयोग किया जा सकता है। अपर बाजार में और भी इलाकों में पार्किंग बनाने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपर बाजार में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए क्या क्या योजनाएं बन रही हैं जल्द ही साफ हो जाएगा। इसे नो पार्किंग जोन घोषित करने के बाद यहां सड़क किनारे वाहन नहीं खड़े होने दिए जाएंगे। चलाया जाएगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

अपर बाजार में अधिकतर दुकानदारों ने सड़क पर अपना सामान रखा है। यहां नगर निगम के अधिकारी अब अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की सोच रहे हैं। जल्द ही अभियान चला कर ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई होगी। उनके सामान जब्त किए जाएंगे। जुर्माना वसूला जाएगा। इसकी रणनीति तैयार हो रही है।

अपर बाजार में अब तक नहीं चला अभियान

लोग नगर निगम पर भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं। मेन रोड पर दुकान लगाने वाले एक वेंडर रमेश कुमार का कहना है कि नगर निगम मेन रोड पर तो खूब अभियान चलाता है। फुटपाथ दुकानदारों का सामान जब्त करता है। मगर, उसने कभी अपर बाजार में अभियान नहीं चलाया। जबकि, यहां सबसे ज्यादा अतिक्रमण है।

रांची नगर निगम ने पिछले साल ही अपर बाजार के 399 भवन मालिकों को बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनाने और स्वीकृत नक्शा के विरुद्ध इमारत बनाने के आरोप में नोटिस जारी किया था। पहले 21 अक्टूबर को 85 भवन मालिकों और फिर नौ नवंबर को 314 भवन मालिकों को नोटिस जारी हुई थी। मगर, इसके बाद से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। नगर निगम इस इलाके में कई बार जांच करा चुका है। हर बार इतने ही भवन मालिकों को नोटिस दी जाती है। नोटिस के बाद कार्रवाई का खेल खत्म हो जाता है। इस बार भी यही हुआ है। नोटिस के बाद आरोपित भवन मालिकों से नक्शे मांगे गए। एक-दो को छोड़ कर किसी ने अपने भवन का नक्शा नगर निगम को नहीं दिखाया। इसके बाद भी कार्रवाई की प्रक्रिया पटरी से उतर गई। अब हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने अपर बाजार की अवैध इमारतों की फाइल खंगालने का काम फिर शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कार्रवाई क्या होगी ये कोई नहीं बता पा रहा है।

जब अवैध निर्माण हो रहा था तब कहां थे

नगर निगम को भी दोषी मान रहे लोग : अपर बाजार की इस स्थिति के पीछे नगर निगम भी कम कसूरवार नहीं है। अपर बाजार के दुकानदारों का कहना है कि जब यहां बिना नक्शे की इमारतें बन रही थीं तो नगर निगम के अधिकारी कहां थे। तभी निर्माण कार्य रोकना चाहिए था। यहां आने वाले ग्राहकों का कहना है कि जब नक्शा विचलन हो रहा था तो नगर निगम को कार्रवाई करनी चाहिए थी। शहर ठीक से बसे। यहां आए एक ग्राहक राजकुमार का कहना है कि यहां इमारतें मानक के अनुरूप हों ये सुनिश्चित करना नगर निगम का ही काम है। अभी कोई घर बनाना शुरू कर दें। नगर निगम के इंजीनियर 35 चक्कर लगाएंगे। इतनी बड़ी बड़ी इमारतें बिना नक्शा के बन गईं और नगर निगम को हवा तक नहीं ये बात किसी के गले से नहीं उतर रही है।

इमारतों में पार्किंग होती तो नहीं होगी दिक्कत

यहां बनने वाली किसी भी इमारत में पार्किंग नहीं बनाई गई है। जबकि, नगर विकास विभाग की गाइडलाइन के अनुसार व्यवसायिक इमारतों में बेसमेंट या ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनानी है। मगर, किसी भी इमारत में इस नियम का पालन नहीं किया गया। बेसमेंट या ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें बना दी गई हैं। इन दुकानों को तोड़ कर इन्हें पार्किंग में तब्दील करने का भी नियम है। मगर, नगर निगम ये काम भी नहीं कर पा रहा है।

बारूद चौक पर हादसा हुआ तो कैसे जाएगा दमकल

अपर बाजार में बारूद चौक भी है। यहां पटाखे बिकते हैं। अगर यहां किसी तरह की अनहोनी होती है और आग लगती है तो दमकल चालक को अंदर वाहन ले जाने में पसीने छूट जाएंगे। रास्ता बेहद संकरा है। जब तक दमकल की गाड़ी को अंदर ले जाने की मशक्कत होती रहेगी। काफी नुकसान हो सकता है। अपर बाजार की सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल

अपर बाजार की स्थिति बेहद खराब है। यहां वैसे ही पहले से संकरी सड़कें हैं। उस पर तुक्का ये कि दुकानों और शोरूम के मालिकों और उनके स्टाफ की चार से पांच दोपहिया वाहन सड़क के एक तरफ और इतने ही दोपहिया वाहन सड़क के दूसरी तरफ खड़े हो जाते हैं। इस तरह, 10 फीट चौड़ी सड़क पर नौ फीट में वाहन ही खड़े हो जाते हैं। आवागमन के लिए एक फीट सड़क बचती है। कहीं-कहीं तो एक आदमी के पैदल आवागमन के लिए सड़क नहीं है।

रंगरेज गली

आप बढि़ए ना, कब से यहीं फंसे हैं जी

सबसे बुरा हाल रंगरेज गली का है। यहां दिन भर जाम रहता है और पैदल चलने वाले भी खड़े होकर आगे खड़े शख्स के बढ़ने का इंतजार करते हैं। अपर बाजार के मार्केट रोड ईस्ट बाजार में दुकानदार सड़क तक अपना सामान रखते हैं। कई दुकानदार बाहर सड़क पर बैठने के लिए छोटी-छोटी कुर्सियां रखते हैं। इससे सड़क पर चलने को जगह नहीं बचता।

सोनार पट्टंी, ढिबरी बाजार, सूरज बाबू स्ट्रीट

दोनों तरफ मालवाहक टेंपो, जनाब पैदल चलना भी बड़ी चुनौती है..

सोनार पट्टी, ढिबरी बाजार और सूरज बाबू स्ट्रीट का भी यही हाल है। अपर बाजार के नार्थ मार्केट में सड़क के दोनों तरफ मालवाहक टेंपो खड़े रहते हैं। इससे सड़क अवरुद्ध रहती है। इस संबंध में अपर बाजार के दुकानदारों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। अपर बाजार में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। ताकि, यहां आने वाले लोगों को आवागमन में आसानी हो सके। अपर बाजार का व्यवसाय बरकरार रहे।

-गुरमीत सिंह, व्यापारी, अपर बाजार अपर बाजार में सड़कों को साफ कराया जाए। आवागमन आसान होने से बाजार में ग्राहकों का आना-जाना बढ़ेगा। इससे दुकानदारों के कारोबार में इजाफा होगा।

-अंचल किगर, पूर्व अध्यक्ष चैंबर आफ कामर्स नगर निगम यहां पार्किंग बनाए। इससे समस्या का समाधान हो जाएगा। लोग पार्किंग में ही अपने वाहन खड़े करेंगे और बाजार की सड़कों पर आवागमन बेहतर बनेगा।

आलोक साहू, अपर बाजार अपर बाजार पर हाई कोर्ट कई बार टिप्पणी कर चुका है। अब नगर निगम को अपर बाजार की समस्या का समाधान निकालना ही चाहिए। इससे कारोबारियों को भी फायदा होगा।

ज्योति शर्मा, अपर बाजार कांके में बिग बाजार पार्किंग क्षेत्र से छह ठेले जब्त

नगर निगम की टीम ने पार्किंग एरिया को खाली कराने का अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कांके के बिग बाजार के पास पार्किंग एरिया से अतिक्रमण हटाया। यहां ठेला और खोमचे वालों ने पार्किंग क्षेत्र पर कब्जा कर रखा था। इसे अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहां लगाए गए छह ठेले जब्त कर लिए गए। सभी खेलों को जब्त कर रांची नगर निगम के बकरी बाजार स्थित स्टोर ले जाया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र को खाली कराने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसलिए पार्किंग क्षेत्र में कोई भी ठेला न लगाए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.