चयन सूची जारी करने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं
रिम्स में लैब टेक्नीशियनों के विवाद को लेकर नौ महीने से अधिक हो चुके हैं।
जासं, रांची : रिम्स में लैब टेक्नीशियनों के विवाद को लेकर नौ महीने से अधिक हो चुके हैं। जनवरी-फरवरी में ही तीन बार मेधा सूची जारी करने के बाद उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। जिसके बाद लैब टेक्नीशियनों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। दायर याचिका में उन्होंने नियुक्ति पत्र निर्गत नहीं करने के संबंध में उच्च न्यायालय का ध्यान आकृष्ट कराया था। जिसके बाद 20 अक्टूबर को 28 उम्मीदवारों की चयन सूची जारी की गई। 21 अक्टूबर को हाई कोर्ट में हुई सुनवाई में रिम्स प्रबंधन ने अपना पक्ष रखते हुए लैब टेक्नीशियनों की मांगें पूरी करने की बात कही है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नियुक्ति पत्र देने में अब भी भ्रम की स्थिति है। भ्रष्टाचार की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।