Move to Jagran APP

नितिन गडकरी बोले, झारखंड में हर तरफ होंगी चकाचक सड़कें, CM हेमंत की मौजूदगी में 21 परियोजनाओं का उद्घाटन

Hemant Soren Nitin Gadkari Jharkhand News नेशनल हाइवे की कुल 7 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 14 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग से केंद्रीय राज्य सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री वीके सिंह केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा आदि उपस्थित रहे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sat, 03 Apr 2021 04:40 PM (IST)Updated: Sun, 04 Apr 2021 09:14 AM (IST)
नितिन गडकरी बोले, झारखंड में हर तरफ होंगी चकाचक सड़कें, CM हेमंत की मौजूदगी में 21 परियोजनाओं का उद्घाटन
Hemant Soren, Nitin Gadkari, Jharkhand News: नितिन गडकरी और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन।

रांची, जेएनएन। Hemant Soren, Nitin Gadkari, Jharkhand News झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार के दिन को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि राज्यवासियों को 21 सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि बेहतर सड़कों के निर्माण से विकास कार्यों में तेजी आएगी। झारखंड में खनिज संपदाओं की ट्रांसपोर्टिंग सड़क मार्ग से ज्यादा होती है। अतः यहां गुणवत्तापूर्ण सड़क होना आवश्यक है। वे शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में 3550 करोड़ रुपये की लागत से कुल 539 किलोमीटर लंबी 21 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

सड़क निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में 205 करोड़ रुपये, 2018-19 में 169 करोड़ रुपये, 2019-20 में लगभग 500 करोड़ रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2020-21 में 675 करोड़ रुपये राज्य के सड़कों के विकास के निमित्त आवंटित किए गए । आज हम सड़क निर्माण कार्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक सड़क परियोजनाओं का डीपीआर केंद्र सरकार को प्रेषित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण तथा फॉरेस्ट क्लीयरेंस के प्रति सजग है। हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ सड़क निर्माण कार्य में एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर आगे बढ़ने का कार्य कर रही है।

पांच कॉरिडोर के निर्माण कार्यों में तेजी लाया जाए

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से भारतमाला परियोजना अंतर्गत रायपुर-धनबाद, संबलपुर-रांची, वाराणसी-रांची, रांची-पारादीप तथा बख्तियारपुर-ओरमांझी इकोनामिक कॉरिडोर के निर्माण कार्य और साहिबगंज स्थित गंगा नदी पर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने झारखंड से बंगाल, उड़ीसा एवं यूपी (बनारस) को हाई स्पीड कोरिडोर से जोड़ने की मांग भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाई स्पीड कॉरिडोर का निर्माण होने से राज्य को इंडस्ट्री हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

सड़क निर्माण में झारखंड को मिले प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड के कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का काम एनएचएआई को दिया है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य में झारखंड जैसे पिछड़े राज्य पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सड़कों के किनारे एलिफेंट कॉरिडोर तथा वृक्षारोपण कार्य निश्चित रूप से किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि चिह्नित एलीफेंट कॉरिडोर का विशेष ख्याल रखते हुए हमें सड़क निर्माण कार्य में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य में अंडरपास सिस्टम डेवलप किए जाने की भी बात कही।

राज्य सरकार के अपेक्षा अनुरूप होंगे सड़क निर्माण कार्य

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि झारखंड में सड़क निर्माण कार्य राज्य सरकार की इच्छा के अनुरूप ही किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतमाला योजना के तहत बन रहे इकोनामिक कॉरिडोर का अगले वित्तीय वर्ष तक पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि झारखंड में अगले 3 वर्षो में एक लाख करोड़ रुपए सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राज्य के मंत्रीगण, राज्य के सांसद सदस्य एवं विधायक के साथ-साथ राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, एनएचएआई के पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

आज का दिन महत्वपूर्ण है। राज्यवासियों को कई सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। पर्यावरण का ख्याल रखते हुए गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। राज्य में सड़कों को बनाएंगे बेहतर, केंद्र सरकार सहयोग करे। अच्छी सड़कों से आर्थिक विकास के खुलेंगे नए द्वार। हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड।

सड़कों का निर्माण राज्य सरकार की इच्छा के अनुरूप होगा। पैसे की कहीं कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वे भू-अर्जन एवं वन विभाग से अनापत्ति की प्रक्रिया को तीव्रता से पूर्ण किया जाए। राज्य सरकार जल्द से जल्द सभी सड़कों का डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजे ताकि सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लायी जा सके। नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.