दवा व्यवसायी के घर डाका मामले में नौ हिरासत में, 25 पर पुलिस की नजर
रांची अपर बाजार के दवा व्यवसायी मनीष कुमार के मिसिर गोंदा माली टोला जतरा टांड में गुरुवार को हुई डकैती मामले में नौ को हिरासत में लिया गया है।
जागरण संवाददाता, रांची : अपर बाजार के दवा व्यवसायी मनीष कुमार के मिसिर गोंदा माली टोला जतरा टांड़ मैदान के समीप स्थित घर में चार लाख नकद सहित आठ लाख डाका मामले में पुलिस ने नौ को हिरासत में लिया है। हिरासत में ऐसे अपराधी लिए गए हैं जो हाल में डकैती और लूट की घटना में शामिल रहे हैं। वे जेल से छूटकर बाहर आए हैं। सभी को अलग-अलग थानों में रखकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पिछले दस वर्षो के भीतर लूट या डकैती करने वाले 25 अपराधियों की सूची तैयार की उनकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। इनमें कई ऐसे अपराधी भी शामिल हैं, जो घर से फरार चल रहे हैं। इनमें वैसे अपराधी भी शामिल हैं, जो मार्च महीने में जेल से छूटे हैं। इधर, पुलिस गुरुवार और शुक्रवार की पूरी रात पुलिस काले रंग की कार में बैठे संदिग्ध कांवरियों की तलाश करती रही। कई को रोककर पुलिस ने सत्यापन भी किया। हालांकि उस काले रंग की कार और कावंरियों के वेश में डकैती करने पहुंचे अपराधियों को पुलिस नहीं ढूंढ पाई है।
पुलिस का फोकस रांची के लोकल अपराधिक गिरोह पर है। हिदपीढ़ी, सुखदेव नगर, लोअर बाजार और डोरंडा के अपराधियों का गतिविधि खंगाला जा रहा है। कॉल डंप कर अपराधियों का पता लगाएगी पुलिस :
पुलिस कॉल डंप के सहारे अपराधियों का पता लगाएगी। तकनीकी सेल को घटनास्थल की कॉल डंप करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पुलिस सभी संदिग्धों की सीडीआर भी खंगालने में जुटी है। पुलिस कई ऐसे करीबी व मनीष कुमार के घर आने-जाने वालों की गतिविधियां खंगाल रही है, जिनकी भूमिका संदिग्ध है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। स्केच आर्टिस्ट को स्केच बनाने में हुई दिक्कत : रांची पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए स्केच आर्टिस्ट को स्केच तैयार करने की जिम्मेवारी दी है। लेकिन अपराधियों का स्केच बनाने में आर्टिस्ट को काफी दिक्कत हुई। चूंकि सभी अपराधियों ने मास्क पहन रखा था। कुछ ने गमछा बांध रखा था। इससे स्केच अधूरा रह गया। पिस्टल की नोक पर पर बंधक बना की थी डकैती : एमके फार्मा के संचालक मनीष कुमार के घर बीते बुधवार की रात करीब एक बजे उनके घर कांवारियों के वेश में घुसे पांच अपराधियों ने डकैती की थी। चार लाख नकद और चार लाख के गहने लूट लिए थे। अपराधियों में एक के पास पिस्टल, जबकि अन्य के पास चाकू और दाऊली था। मुख्य गेट की दीवार फांदकर बालकनी पर चढ़े थे। इसके बाद डाइनिंग रूम का दरवाजा तोड़कर घर घुसे और मनीष का भतीजा कर्ण उर्फ चिंटू पर पिस्टल तान दी। इसके बाद पूरे घर वालों को बंधक बनाकर लूट लिया था। मनीष और उनकी पत्नी को अपराधियों ने पीटा था। करीब साढ़े तीन घंटे तक उत्पात मचाई थी। पीसीआर के पकड़े जाने की बात की सुबह चार बजे के करीब भागे थे। 'अपराधियों की तलाश में लूट डकैती में शामिल अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कई का सत्यापन किया जा रहा है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।'
अनीश गुप्ता, एसएसपी रांची।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप