झारखंड: रेलवे की लापरवाही से रामगढ़ में दिल दहलाने वाली घटना, गड्डे में डूबकर तीन बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
Jharkhand Crime News झारखंड में रामगढ़ के बरकाकाना में पानी भरे गड्डे में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त गड्डा रेलवे द्वारा मिट्टी निकालने के क्रम में बना था। इसे रेलवे ने वापस बंद भी नहीं किया। गांव में मातम पसरा है।
बरकाकाना(रामगढ़), जासं। Jharkhand Crime News झारखंड में रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के उरलूंग में बुधवार की देर शाम दिल दहला देनेवाली घटना घटी है। पानी भरे एक छोटे से गड्डे में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई है। इसमें एक बच्चा और दो बच्चियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार उरलूंग निवासी अश्विनी उरांव की दोनों बच्चे पुत्री शैली लकड़ा (9 वर्ष), सुजल उरांव (6 वर्ष) और स्थानीय बालेश्वर उरांव की नतिनी कृति कुमारी (8 वर्ष) पिता स्व.कालीचरण बुधवार की शाम लगभग तीन बजे घर से बाहर खेलने गया था। काफी देर बाद बच्चे वापस नहीं लौटे तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान रेलवे लाईन के समीप एक छोटे लेकिन गहरे गड्डे के बाहर बच्चों का चप्पल और कपड़ा मिला।
घटना के बाद उरलूंग गांव में पसरा मातम।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
खोजबीन के दौरान तीनों बच्चों का शव बरामद हो गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। घटना के बाद उरलूंग गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कृति कुमारी का शव पैतृक निवास पिपरवार ले जाया गया है।
ग्रामीणों ने कहा, रेलवे की लापरवाही के कारण हुआ हादसा
घटना पर उरलूंग के ग्रामीणों ने बताया कि उक्त गड्डा रेलवे द्वारा मिट्टी निकालने के क्रम में बना था। इसे रेलवे ने वापस बंद भी नहीं किया। बरसात का पानी में गड्डे में भर गया है। जिससे गड्डे की गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल है। गड्डे में लगभग पांच-छह फीट की गहराई है। गड्डा उरलूंग स्टेशन के निकट है।