बिहार में एनडीए गठबंधन की होगी जीत : देवेंद्र फडणवीस
संवादसूत्र चितरपुर(रामगढ़) महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सह बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी
संवादसूत्र, चितरपुर(रामगढ़) : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सह बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को रजरप्पा मंदिर परिसर में कहा है कि बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन की बड़ी जीत होने जा रही है। हम बिहार में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। फडणवीस मंगलवार को दोपहर अचानक रजरप्पा मंदिर पहुंचे और बोरिया बाबा आश्रम में पूजा-अर्चना की। बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, बिहार चुनाव में हमारी गठबंधन की जीत की कामना को लेकर माता छिन्नमस्तिके के दरबार में आए हैं। उन्होंने किसान बिल और दो दिन पहले महाराष्ट्र में शिवसेना सांसद संजय राउत से मुलाकात पर टिप्पणी करने से इन्कार किया। बिहार में चुनाव की घोषणा होने के साथ बिहार चुनाव प्रभारी के रूप में फडणवीस के रजरप्पा पहुंचने का कई मायने हैं। उन्होंने यहां बोरिया बाबा के आश्रम पहुंचकर हरेराम आचार्य उर्फ बोरिया बाबा से मुलाकात की। इसके बाद बंद कमरे में गुप्त पूजा भी की। बोरिया आश्रम में गुप्त पूजा के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वह बिहार में भाजपा व जदयू गठबंधन की जीत की कामना करने आए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में संभावित परिवर्तन को भी देखा जा रहा है। हालांकि इस संबंध में फडणवीस ने किसी प्रकार की टिप्पणी करने से बचते रहे।