भतीजे को काना कहे जाने पर चाचा ने की मारपीट, आरोपी निकला नक्सली का भाई; करा दी हत्या
Jharkhand Hindi News. ग्रामीण एसपी आफताब आलम ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों का संपर्क पीएलएफआई से भी है।
रांची, जेएनएन। रांची के लापुंग के हुलसू गांव निवासी रामकुमार साहू उर्फ गुला साहू की 25 दिन पहले हुई हत्या के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने हत्या के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है। जेल जाने वालों में सुखराम होरो उर्फ थोथे, सनिका होरो उर्फ राहुल होरो, मनोज आइंद, अब्राहम होरो उर्फ लम्बु, समीर होरो उर्फ डेम्बा, सोनू लोहरा शामिल हैं। वहीं इस घटना का मास्टर माइंड पीएलएफआइ का एरिया कमांडर गोपाल होरो समेत अन्य तीन फरार हैं।
ग्रामीण एसपी आफताब आलम ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों का संपर्क पीएलएफआइ से भी है। उन्होंने बताया कि राम कुमार का भतीजा विकास मुंडा को काना बोलने को लेकर समीर के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान राम कुमार ने समीर के साथ मारपीट की थी। इस वजह से उसकी हत्या की गई। इधर, पुलिस एरिया कमांडर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम छापेमारी भी कर रही है।
भाई को धमकी मिलने पर एरिया कमांडर ने रची हत्या की साजिश
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या से दो सप्ताह पहले आरोपी समीर होरो का राम कुमार के भतीजे विकास मुंडा से झगड़ा हुआ था। समीर उसे काना बोलकर चिढ़ाया था। जब उसने इसका विरोध किया तो समीर और उसके दोस्तों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद वह घर आकर अपने चाचा राम कुमार को मामले की जानकारी दी।
सभी ग्रामीणो को इक्ट्ठा कर राम कुमार आरोपी समीर के गांव कथकुंवारी बरटोली पहुंच गए। उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। यह भी धमकी दी कि अगर दोबारा चिढ़ाया तो उसे जान से मार देंगे। भाई को जान से मारने की धमकी मिलने की बात सुनकर एरिया कमांडर गोपाल होरो ने राम कुमार की हत्या की योजना बनायी। गोपाल ने तीन दिन तक अपने साथियों के जरिए उसकी रेकी करायी थी।
घर में घुसकर लाठी से मारा, फिर दाग दी गोली
सारी जानकारी जुटाने के बाद एरिया कमांडर गोपाल होरो ने अपने साथियों के साथ 19 मई को शराब की पार्टी की। इसमें उक्त आरोपियों के अलावा एरिया कमांडर के भी तीन लोग शामिल हुए। इसके बाद सभी बाइक से हुलसु गांव पहुंचे। राम कुमार के बारे में ग्रामीणों से पूछा। इसके बाद उसके घर पहुंचे, उस वक्त राम कुमार आंगन में बैठा हुआ था। घर में घुसते ही सभी आरोपी उस पर टूट पड़े। लाठी-डंडे से उसे मारने लगे। इस दौरान एरिया कमांडर ने पिस्टल निकाली और राम कुमार को तीन गोली दाग दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद सभी बाइक से फरार हो गए।