मतदाता दिवस पर रांची वीमेंस काॅलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिता, जानें इस दिवस की महता
National Voter Day मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर रांची वीमेंस काॅलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा कल 25 जनवरी को की जाएगी तथा प्रथम तीन स्थान पर आने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
रांची, जासं। National Voter Day राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर रांची वीमेंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1, 2 3 ने मिलकर छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान का संचालन किया। इसके तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका विषय मतदान में नोटा का अधिकार रखा गया। प्राचार्या डॉ. मंजू सिन्हा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मतदाताओं को उनके अधिकार और कर्तव्य के बारे में बताया गया। भारत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है।
भारत के प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्र के प्रत्येक चुनाव में भागीदारी की शपथ लेनी चाहिए, क्योंकि भारत के प्रत्येक व्यक्ति का वोट ही देश के भावी भविष्य की नींव रखता है। इसलिए हर एक व्यक्ति का वोट राष्ट्र के निर्माण में भागीदार बनता है। भारत में जितने भी चुनाव होते हैं, उनको निष्पक्षता से संपन्न कराने की जिम्मेदारी 'भारत निर्वाचन आयोग' का है। इसका गठन भारतीय संविधान के लागू होने से 1 दिन पहले 25 जनवरी 1950 को हुआ था, क्योंकि 26 जनवरी 1950 को भारत एक गणतांत्रिक देश बनने वाला था।
भारत सरकार ने वर्ष 2011 से हर चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस '25 जनवरी' को ही 'राष्ट्रीय मतदाता दिवस' के रूप में मनाने की शुरुआत की थी और 2011 से ही हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। बताया गया कि नोटा का मुख्य उद्देश्य उन मतदाताओं को एक विकल्प उपलब्ध कराना है, जो चुनाव लड़ रहे किसी भी कैंडिडेट को वोट नहीं डालना चाहते है। यह वास्तव में मतदाताओं के हाथ में चुनाव लड़ रहे कैंडिडेट का विरोध करने का एक हथियार है। नोटा का मतलब नाॅन ऑफ द एवब यानी इनमें से कोई नहीं है। इस तरह अब चुनाव में आपके पास एक और विकल्प होता है कि आप 'इनमें से कोई नहीं' का बटन दबा सकते हैं।
यह विकल्प है नोटा। इसे दबाने का मतलब यह है कि आपको चुनाव लड़ रहे कैंडिडेट में से कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं है। लगभग 30 छात्राओं ने उपरोक्त विषय पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा कल 25 जनवरी को की जाएगी तथा प्रथम तीन स्थान पर आने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर कल 25 जनवरी सुबह 8:00 बजे मतदाता शपथ रांची विमेंस कॉलेज, रांची में आयोजित किया गया है। यह जानकारी डॉ. कुमारी उर्वशी ने दी।