National Unity Day: एकता के लिए खूब दौड़ी रांची, CM रघुवर दास ने सरदार पटेल को किया नमन
Rashtriya Ekta Diwas मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लोगों से रन फॉर यूनिटी में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा-आइए देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लें
रांची, राज्य ब्यूरो। National Unity Day सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को पूरे देश की तरह रांची में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। रांची में रन फॉर यूनिटी की दौड़ सैनिक बाजार परिसर से गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसे हरी झंडी दिखाया। सीएम राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित RUN FOR UNITY में फ्लैग ऑफ के बाद शामिल हुए।
सीएम ने अपने संदेश में लिखा- देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि हम सभी के दिल में एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण की भावना होनी चाहिए। हमारे लिए देश पहले हो यह प्राथमिकता हमें तय करनी है। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए हमें देशहित के कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद अगर सरदार वल्लभभाई पटेल कश्मीर की समस्या देखते, उनके नियंत्रण में यह समस्या होती तो यह समस्या आज हमारे सामने मुंह बाएं नहीं खड़ा रहती। सरदार वल्लभ भाई पटेल को पूर्व में सम्मान देने का कार्य किसी ने नहीं किया।
2014 के बाद केंद्र सरकार ने इस ओर ध्यान दिया और उनके जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन कर उन्हें सम्मान दे रही है। साथ ही कश्मीर और लद्दाख में भारत का संविधान लागू हो रहा है। यह सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। वर्तमान सरकार ने उन्हें सम्मान देकर दुनिया को संदेश देने का काम किया की देश की एकता और अखंडता को हमें अक्षुण्ण रखना है।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रांची सैनिक मार्केट से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के 2500 बच्चे तथा आम लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रन फार यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वे खुद भी रैली का हिस्सा बने। कार्यक्रम में मंत्री सीपी सिंह सांसद संजय सेठ सांसद अन्नपूर्णा देवी मुख्य सचिव सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
इधर, झारखंड जगुआर परिसर में भी सरकार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस दौरान झारखंड जगुआर (STF) के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (अभियान) क्रांति कुमार गढि़देशी के साथ्ा 690 पुलिसकर्मियों ने शपथ ली।