सैयद जफर इस्लाम बोले- कांग्रेस ने अन्न पर दिया ध्यान, अन्नदाताओं पर नहीं
Jharkhand Political Update News भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह राज्यसभा सदस्य सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को भाजपा सम्मानित करेगी। कांग्रेस-झामुमो को किसानों से मतलब नहीं है। कांग्रेस बिचौलियों की रक्षा करने में लगी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह राज्यसभा सदस्य सैयद जफर इस्लाम ने कहा है कि जिन लोगों का किसान और किसानी से कभी नाता भी नहीं रहा, वे किसानों के हितैषी कभी नहीं हो सकते। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से मुखातिब जफर इस्लाम ने कांग्रेस और झामुमो पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियां किसानों को बरगलाने का काम कर रही हैं।
कांग्रेस ने तो हमेशा अन्न पर ही ध्यान दिया अन्नदाताओं (किसानों) पर नहीं। जफर इस्लाम ने कहा कि किसानों की गाढ़ी कमाई बिचौलिया लूट ले जाते थे। कृषि कानून से इस पर रोक लगेगी। आरोप लगाया कि यही कारण है कि कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। कांग्रेस बिचौलियों की रक्षा करने में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वामीनाथन रिपोर्ट के आधार पर किसान हित में एमएसपी डेढ़ गुना कर दिया है। कृषि कानून से 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी।
कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के तहत सिर्फ उपज का कॉन्ट्रैक्ट होगा, जमीन का नहीं। कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर एफपीओ बनाया जा रहा है, जिसमें आठ हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। मंडियों को बेहतर और किसानों को लाभ के लिए देश की सात हजार मंडियों को ऑनलाइन जोड़ा जा रहा है। इससे किसानों को देशभर के बाजार का भाव भी मालूम हो पाएगा।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी ने रविवार को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर बिरसा मुंडा की जयंती मनाई। उन्होंने पार्टी की ओर से 1912 से 2000 तक झारखंड आंदोलन में भाग लेने वाले आंदोलनकारियों और उनके वंशजों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने की भी घोषणा की। कहा, झारखंड भाजपा के वनांचल आंदोलन, सैकड़ों आंदोलनकारियों तथा तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी उपस्थित थे।