नगर निगम ने 19 सड़कों पर घोषित किया टो-अवे जोन, लगेगा दोहरा जुर्माना
यहां हैं टो अवे जोन रेडियम रोड अटल स्मृति वेंडर के सामने गोपाल कंप्लेक्स नगर निगम की
यहां हैं टो अवे जोन
रेडियम रोड, अटल स्मृति वेंडर के सामने, गोपाल कंप्लेक्स, नगर निगम की इमारत के सामने, नागाबाबा खटाल के पास, फिरायालाल चौक, नो वेंडिग जोन, लालपुर चौक, जेवियर कॉलेज, आर्चिड अस्पताल, पेंटालून लालपुर, एमजी रोड, किशोरगंज चौक, हरमू चौक, सर्कुलर रोड, वीमेंस कॉलेज, कांटाटोली चौक, कोकर चौक और करमटोली चौक। जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी में वाहन चालकों को बेहद चौकन्ना रहने की जरूरत है। ऐसा नहीं कि आप अपना वाहन कहीं पार्क कर मार्केटिग करने या खाने-पीने चले जाएं और वापस लौटें तो आपका वाहन नदारद रहे। ऐसा होने पर आपको दोहरा जुर्माना लगेगा। नगर निगम 200 रुपये तो वसूलेगा ही आपका वाहन यातायात पुलिस को दे दिया जाएगा। यहां कागजात की कमी के हिसाब से जुर्माने की वसूली होगी। इसलिए, कहीं भी वाहन पार्क करने से पहले देख लें कि कहीं आसपास नगर निगम का टो अवे जोन का बोर्ड तो नहीं लगा। राजधानी की ट्रैफिक की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल की है। निगम ने अब 19 सड़कों पर टो-अवे जोन घोषित कर दिया है। ये सड़कें या चौराहे ऐसे हैं जहां लोग अक्सर अपने वाहन पार्क कर खरीदारी करने चले जाते हैं। इस कारण दिन में भी इन जगहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शनिवार को निगम ने चिह्नित किए गए स्थानों पर टो-अवे जोन का सूचना पट भी लगाना शुरू कर दिया है। इसमें कचहरी रोड स्थित रांची नगर निगम का नया भवन व अटल वेंडर मार्केट, रेडियम रोड, मेन रोड, रोसपा टॉवर, कचहरी रोड में गोपाल कम्पलेक्स, नागा बाबा खटाल, फिरायालाल चौक, लालपुर चौक, जेवियर कॉलेज, आर्किड हॉस्पिटल, पेंटालून लालपुर, किशोरगंज चौक, हरमू चौक, सर्कुलर रोड, वूमेंस कॉलेज, कांटा टोली चौक, कोकर चौक, करमटोली चौक शामिल हैं।
27 जनवरी से चलाया जाएगा अभियान
टो-अवे घोषित किए जाने के बाद नगर निगम की ओर से 27 जनवरी से सघन अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम चलाएगी। इस दौरान अगर इन टो-अवे जोन में कोई भी गाड़ियां अवैध रूप से पार्क की जाती हैं, तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अवैध पार्किंग करने वालों पर दो स्तर पर लगेगा जुर्माना
जब्त वाहनों पर लगाए जुर्माने के सवाल पर उप नगर आयुक्त ने बताया कि यह दो स्तर पर जुर्माना लगेगा। पहला जुर्माना निगम द्वारा दो सौ रुपये लगाया जाएगा। इसके बाद जब्त वाहन को ट्रैफिक पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस संबंधित वाहन के आवश्यक कागजातों को चेक करेगी। कागजात नहीं होने पर परिवहन नियम के तहत जो भी जुर्माने की दर निर्धारित होगी, उसे वसूला जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि अगले कुछ दिनों में हरमू रोड से बाईपास, राजभवन से रिम्स होते हुए बरियातू रोड, मोरहाबादी से एसएसपी आवास सहित कई जगहों को टो-अवे जोन बनाने का फैसला निगम ने किया है।
------
प्रयोग सफल रहा तो मिलेगी जाम से मुक्ति
ऐसा नहीं है कि टो-अवे की पहल पहली बार हो रही है। पहले भी ट्रैफिक पुलिस द्वारा कई कई इलाकों को टो-अवे जोन घोषित किया जा चुका है। वहां की सड़कों पर साइन बोर्ड भी लगाया गया है, लेकिन अवैध पार्किंग की समस्या हमेशा बनी रही। विशेषकर फिरायालाल से लेकर सुजाता चौक तक अवैध पार्किंग की समस्या आम है। ऐसे में आगामी बुधवार से शुरू होने वाला अभियान अगर सफल होता है, तो राजधानी वासियों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
- निगम के अलावा यातायात पुलिस भी वसूलेगी जुर्माना
- 27 जनवरी से नगर निगम राजधानी में चलाएगा सघन अभियान