झारखंड में सरकार बनाने में मुसलमानों की अहम भूमिका, लेकिन उनकी सुनी नहीं जा रही : इरफान
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डा. इरफान अंसारी ने कहा है कि राज्य में मुसलमानों की बात सत्ता के शीर्ष तक नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने मुसलमानों से आह्वान किया है कि वे सभी आपस में एकता बनाकर रखें और एक प्लेटफार्म पर आएं।
रांची(राज्य ब्यूरो) : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डा. इरफान अंसारी ने राज्य में सरकार बनने में मुसलमानों की अहम भूमिका करार देते हुए कहा है कि 18 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद मुसलमानों की बात सत्ता के शीर्ष तक नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने मुसलमानों से आह्वान किया है कि वे सभी आपस में एकता बनाकर रखें और एक प्लेटफार्म पर आएं।
उन्होंने कहा कि राज्य में मुसलमानों की आबादी 18 फीसद होने के बावजूद जो हक और न्याय मिलना चाहिए, वह नहीं मिल पा रहा। पिछड़े मुसलमानों की सामाजिक भागीदारी न के बराबर है और वे विकास की दौड़ में भी काफी पीछे हैं। सरकारी नौकरियां में भी उनकी तादाद बहुत कम है और यह तबका बहुत मुश्किल से अपना भरण-पोषण कर पा रहा है। राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनाने में मुसलमानों का अहम योगदान है लेकिन आप लोग अपनी बात को वहां तक नहीं पहुंचा पा रहे। आप लोगों के बिखराव के कारण आपको गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। समय रहते मुसलमानों को सचेत होने की आवश्यकता है।